Voice of Eastern India

लेडी तस्करों के हाथ में थी नशे के काले धंधे की कमान! मोतिहारी पुलिस ने जब्त की भारी मात्रा में अफीम और गांजा


न्यूज 11 भारत / बिहार डेस्क (मनीष कुमार, मोतिहारी ) बिहार के मोतिहारी (पूर्वी चंपारण) में नशे के काले कारोबार के खिलाफ पुलिस ने अब तक की सबसे बड़ी और चौंकाने वाली कार्रवाई की है। गोविंदगंज थाना क्षेत्र में पुलिस ने अंतरराष्ट्रीय स्तर पर फैले एक बड़े ड्रग्स नेटवर्क को ध्वस्त कर दिया है। इस पूरे खेल का सबसे हैरान कर देने वाला पहलू यह है कि इस धंधे की कमान महिलाओं के हाथ में थी। पुलिस ने मौके से चार महिला तस्करों को दबोचकर उनके पास से भारी मात्रा में मादक पदार्थ जब्त किया है।

हरसिद्धि में हुई गिरफ्तारी से खुला सेरहा गांव का ‘नार्कोटिक्स कनेक्शन’

इस बड़े एक्शन की शुरुआत तब हुई जब पुलिस कप्तान (एसपी) स्वर्ण प्रभात को एक पुख्ता गुप्त सूचना मिली। हरसिद्धि थाना क्षेत्र के इमरिया घाट इलाके में पुलिस ने पहले करीब 10.540 किलोग्राम अफीम जैसे नशीले पदार्थ के साथ तीन आरोपियों को दबोचा था। जब पुलिस ने इनसे कड़ाई से पूछताछ की, तो उन्होंने गोविंदगंज थाना क्षेत्र के सेरहा गांव (पाण्डेय टोला) का पूरा कच्चा चिट्ठा खोल दिया। गिरफ्तार आरोपियों ने खुलासा किया कि वहां बड़े पैमाने पर ड्रग्स का स्टॉक छुपाकर रखा गया है।

13.5 लाख रुपये में नेपाल से मंगाई गई थी ड्रग्स की बड़ी खेप

पूछताछ में यह बात सामने आई कि सेरहा गांव की रहने वाली जिलेज रहनी (पति अब्देश यादव) और रिंकी कुमारी (पति टुंडुन यादव) अपने अन्य साथियों के साथ मिलकर अफीम, चरस और गांजे की बड़े पैमाने पर खरीद-बिक्री कर रही हैं। यह पूरा माल करीब 13.50 लाख रुपये में नेपाल से तस्करी कर मोतिहारी लाया गया था, जिसे स्थानीय स्तर पर ऊंचे दामों में खपाने की पूरी तैयारी थी।

फ्लाइंग रेड में अब्देश यादव के घर से बरामद हुआ अफीम और डोडा

नेपाल कनेक्शन सामने आते ही एसपी ने तुरंत अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी (SDPO) अरेराज के नेतृत्व में एक स्पेशल पुलिस टीम का गठन किया। इस विशेष टीम ने गोविंदगंज के सेरहा पाण्डेय टोला स्थित अब्देश यादव के घर पर अचानक धावा बोल दिया। इस ताबड़तोड़ छापेमारी में पुलिस ने घर के भीतर से 2 किलोग्राम अफीम, भारी मात्रा में गांजा और डोडा बरामद किया। पुलिस की इस अचानक हुई घेराबंदी से पूरे इलाके में हड़कंप मच गया।

एसपी स्वर्ण प्रभात की चेतावनी: नेपाल रूट पर पुलिस की पैनी नजर

मामले की पुष्टि करते हुए एसपी स्वर्ण प्रभात ने बताया कि अफीम और मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ पुलिस का ऑपरेशन अभी थमा नहीं है। गिरफ्तार चारों महिला तस्करों से सघन पूछताछ की जा रही है ताकि सीमा पार बैठे इनके मुख्य सप्लायरों तक पहुंचा जा सके। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि इस सिंडिकेट के तार बिहार और नेपाल के किन-किन बड़े ड्रग माफियाओं से जुड़े हैं।



Source link

Leave A Reply

Your email address will not be published.