न्यूज 11 भारत / पटना डेस्क : गोपालगंज में गंडक नहर में पानी छोड़े जाने के बाद बरौली प्रखंड के कहला विसुनपुरा इलाके में नहर का बांध टूट गया। बांध टूटते ही पानी तेजी से आसपास के गांवों की ओर बढ़ने लगा, जिससे इलाके में अफरा-तफरी मच गई। सूचना मिलते ही नहर विभाग और प्रशासन की टीम मौके पर पहुंची और युद्धस्तर पर मरम्मत कार्य शुरू कर दिया गया।
खेतों में फैला पानी
बरौली थाना क्षेत्र के कहला विसुनपुरा में सारण गंडक नहर का बांध टूटने से बड़ी संख्या में खेतों और निचले इलाकों में पानी फैल गया। पानी का बहाव गांवों की ओर होने से ग्रामीणों में दहशत का माहौल बन गया। प्रशासन ने तत्काल राहत और बचाव कार्य शुरू करते हुए प्रभावित इलाके की निगरानी तेज कर दी है।
मरम्मत कार्य शुरू
सदर एसडीएम अनिल कुमार ने बताया कि नहर प्रबंधन के अधिकारियों के साथ लगातार समन्वय किया जा रहा है। बांध टूटने की सूचना मिलते ही मरम्मत कार्य शुरू कर दिया गया है। साथ ही यह भी सुनिश्चित किया गया है कि फिलहाल नहर में पानी नहीं छोड़ा जाए, ताकि पानी के बहाव को नियंत्रित किया जा सके और टूटे हुए हिस्से की मरम्मत जल्द पूरी हो सके।
अत्यधिक दबाव नहर का बांध क्षतिग्रस्त
वहीं कार्यपालक अभियंता दिलीप कुमार ने बताया कि 15 जून से नहर का संचालन शुरू किया गया था। विभाग द्वारा निर्धारित मात्रा में पानी की मांग की गई थी, लेकिन आवश्यकता से अधिक पानी छोड़े जाने के कारण नहर पर दबाव बढ़ गया। उन्होंने बताया कि जहां लगभग 1000 क्यूसेक पानी की मांग की गई थी, वहीं करीब 11 हजार क्यूसेक पानी नहर में प्रवाहित किया गया, जबकि गंडक नदी में उस समय करीब 4 से 4.5 हजार क्यूसेक पानी ही बह रहा था। अत्यधिक दबाव के कारण नहर का बांध क्षतिग्रस्त हो गया।
मौके पर किया जा रहा कैंप
कार्यपालक अभियंता ने बताया कि बांध टूटने की मुख्य वजह पानी का अत्यधिक दबाव है। हालांकि किसी बड़े नुकसान की सूचना नहीं है। पानी का प्रवाह पूरी तरह बंद कर दिया गया है और लगातार मरम्मत कार्य जारी है। अधिकारियों का दावा है कि अगले दो से तीन दिनों में स्थिति पूरी तरह सामान्य हो जाएगी। फिलहाल प्रशासन और नहर विभाग की टीम मौके पर कैंप कर रही है। टूटे हुए बांध की मरम्मत युद्धस्तर पर जारी है और प्रभावित गांवों पर लगातार नजर रखी जा रही है।
