न्यूज 11 भारत / बिहार डेस्क
अश्मित सिन्हा / पटना : NEET पेपर लीक मामले में छात्रों के प्रदर्शन के दौरान पटना समेत अन्य जिलों में हिंसा करने वालों पर बिहार पुलिस ने एक्शन लेना शुरू कर दिया है। पुलिस ने अपने आधिकारिक सोशल मीडिया पेज पर उपद्रव में शामिल संदिग्ध लोगों की तस्वीरें जारी की है।
पुलिस की यह कार्रवाई शनिवार को बिहार बंद के दौरान हिंसा को लेकर हुई है। सीसीटीवी और वीडियो फुटेज के आधार पर हिंसा करने वालों की पहचान कर गिरफ्तारी की जा रही है। मिली जानकारी के अनुसार पुलिस ने रविवार को 5 जिलों में 350 से ज्यादा लोगों को गिरफ्तार किया है।
पटना में सबसे ज्यादा 258 लोग गिरफ्तार किए गए हैं। सारण में 200 से अधिक लोगों को हिरासत में लिया गया है। सारण में पुलिस ने 30 को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। वहीं, सासाराम में 35 लोगों को चिह्नित कर उनकी गिरफ्तारी का प्रयास जारी है। जबकि सीतामढ़ी में 159 उपद्रवियों की तस्वीरें पुलिस ने जारी की है, जिसमें से अब तक 15 को गिरफ्तार किया गया है।
वहीं किशनगंज जिले के बहादुरगंज में दो प्राथमिकी दर्ज कर 22 आरोपियों को हिरासत में लिया गया है। भागलपुर में 500 अज्ञात लोगों पर केस दर्ज 41 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। पूर्णिया में उपद्रव करने वाले 27 नामजद एवं 250 अज्ञात पर पुलिस ने केस दर्ज किया है। इसके अलावा लखीसराय में एक उपद्रवी को गिरफ्तार किया गया है। जबकि पहचान के लिए 19 की तस्वीर पुलिस ने जारी की है।
