Voice of Eastern India

बिहार में ऐसे खुला अपहरण का राज, 24 घंटे में सकुशल मिला व्यक्ति



बिहार के नवादा में रजौली थाना क्षेत्र से हुए अपहरण कांड का पुलिस ने 24 घंटे के अंदर खुलासा कर दिया है। 

न्यूज 11 भारत/बिहार डेस्क: बिहार के नवादा में रजौली थाना क्षेत्र से हुए अपहरण कांड का पुलिस ने 24 घंटे के अंदर खुलासा कर दिया है। सिमरकोल के पास 16 सितंबर को एक व्यक्ति का अज्ञात अपराधियों ने अपहरण कर लिया था। अपहरण के बाद परिजनों से 80 लाख रुपये की फिरौती की मांग की गई थी। मामले को गंभीरता से लेते हुए नवादा एसपी अभिनव धीमान ने विशेष टीम गठित कर कार्रवाई शुरू कराई। गुरुवार को एसपी कार्यालय में आयोजित प्रेस वार्ता के दौरान उन्होंने पूरे मामले का खुलासा किया।

जानकारी के अनुसार, घटना के बाद अपहृत व्यक्ति के परिजनों ने रजौली थाना में लिखित शिकायत दर्ज कराई। इसके आधार पर रजौली थाना कांड संख्या 498/26 दर्ज कर पुलिस ने जांच शुरू की। मामले की गंभीरता को देखते हुए एसपी के निर्देश पर रजौली एसडीपीओ के नेतृत्व में विशेष जांच टीम का गठन किया गया। टीम ने घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली और स्थानीय लोगों से पूछताछ की।

पुलिस ने तकनीकी सर्विलांस के जरिए मामले में शामिल संदिग्धों की गतिविधियों की जानकारी जुटाई। जांच के दौरान पुलिस को एक आरोपी अंकित कुमार के बारे में सुराग मिला। इसके बाद पुलिस ने मसई गांव, थाना रजौली निवासी अंकित कुमार, पिता कारू शर्मा को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने उसके पास से घटना में इस्तेमाल की गई मोटरसाइकिल भी बरामद की है।

पूछताछ के दौरान गिरफ्तार आरोपी ने पुलिस के समक्ष घटना में लाइनर की भूमिका निभाने की बात स्वीकार की। पुलिस के अनुसार, आरोपी से पूछताछ और तकनीकी जांच के आधार पर अपहृत व्यक्ति का ठिकाना कोडरमा, झारखंड में होने की जानकारी मिली। इसके बाद पुलिस टीम ने कार्रवाई करते हुए 24 घंटे के अंदर अपहृत व्यक्ति को कोडरमा से सकुशल बरामद कर लिया।

पुलिस ने गिरफ्तार आरोपी को न्यायिक हिरासत में भेजने की कार्रवाई शुरू कर दी है। वहीं, इस पूरे अपहरण कांड में शामिल अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस लगातार छापेमारी और तकनीकी जांच कर रही है। एसपी ने बताया कि मामले से जुड़े सभी पहलुओं की जांच की जा रही है।





Source link

Leave A Reply

Your email address will not be published.