न्यूज 11 भारत / बिहार डेस्क
रोहित / पटना: पटना के बांस घाट स्थित अत्याधुनिक शवदाह गृह में आज से अंत्येष्टि सेवा शुरू होगी। पूर्व वैदिक मंत्रोच्चार और पारंपरिक विधि-विधान से पूजा-अर्चना के साथ इसका शुभारंभ किया गया। मिली जानकारी के अनुसार परिसर में एक साथ कुल 18 अंत्येष्टि की व्यवस्था की गई है।
4 विद्युत शवदाह
इस अत्याधुनिक शवदाह गृह में कुल 4 विद्युत शवदाह, 6 लकड़ी आधारित शवदाह और 8 पारंपरिक अंत्येष्टि स्थल की सुविधा दी गई है। इसके अलावा यहां श्रद्धांजलि एवं पूजा-अर्चना के लिए अलग प्रार्थना स्थल की भी व्यवस्था की गई है।
परिजनों के लिए विशेष व्यवस्था
अंतयेष्टि के लिए आने वाले परिजनों के लिए प्रतीक्षालय, पेयजल, स्वच्छ शौचालय, पार्किंग और प्रकाश की भी व्यवस्था उपलब्ध कराई गई है। यहां पर्यावरण-अनुकूल अंतिम संस्कार की आधुनिक सुविधा की पर्याप्त व्यवस्था की गई है।
बुकिंग की सुविधा
इस शवदाह गृह के संचालन एवं अनुरक्षण की जिम्मेदारी ईशा आउटरीच को सौंपी गई है। लोगों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए अंत्येष्टि सेवा के लिए बुकिंग की सुविधा भी शुरू की गई है। फोन और ई-मेल के माध्यम से अंतिम संस्कार के लिए बुकिंग और जरूरी जानकारी प्राप्त की जा सकेगी।
सहायता केंद्र की सुविधा
इस परिसर में सहायता केंद्र भी स्थापित किए गए हैं, ताकि यहां आने वाले परिजनों को किसी तरह की परेशानी ना हो। जानकारी के अनुसार यह अत्याधुनिक शवदाह गृह पटना स्मार्ट सिटी लिमिटेड की ओर से विकसित किया गया है।
