न्यूज 11 भारत / पटना डेस्क : सोमवार की सुबह बेतिया, बगहा, कटिहार, खगड़िया और बक्सर में बारिश हुई। मौसम विभाग के अनुसार 30 जून से बारिश की गतिविधियां तेज होगी और 1 जुलाई से झमाझम बारिश होने की संभावना भी है। वहीं, मौसम विभाग ने आज 25 जिलों में बारिश का ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। अगले 7 दिनों तक बिहार के अधिकांश हिस्सों में 30 से 50 किलो मीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवा चलेगी। साथ ही तेज बारिश के भी आसार हैं।
कहां कितनी हुई बारिश
इसके अलावा, बिहार में इस वर्ष मानसून ने समय से पहले 11 जून को ही दस्तक दे दी थी, लेकिन एंट्री के तुरंत बाद कमजोर पड़ गया था। 28 जून तक बिहार में सामान्य होने वाली 140.4 मिमी बारिश के मुकाबले 69.8 मिमी ही बारिश हुई है। मौसम विभाग के आंकड़े के मुताबिक, 38 में से 6 जिलों में ही सामान्य या उससे अधिक बारिश हुई है, जबकि 18 जिलों में 50 प्रतिशत से भी कम बारिश हुई है।
24 घंटों में कैसा रहा जिलों का तापमान
रविवार को खगड़िया, जमुई और नालंदा में बारिश हुई, जिससे लोगों को थोड़ी राहत मिली। पटना में सुबह-सुबह बादल छाए रहे और हल्की बारिश भी हुई, लेकिन दिन चढ़ने के साथ ही तेज धूप निकल आई। वहीं, बगहा में तेज हवा चलने के कारण गर्मी से थोड़ी राहत मिली।
आज कैसा रहेगा मौसम
पटना में सोमवार को आंशिक बादल छाए रहेंगे और कुछ इलाकों में तेज हवा के साथ बारिश की भी संभावना है। यहां, दिन के तापमान में 2 से 3 डिग्री की गिरावट देखने को मिलेगी। हालांकि, तेज धूप और उमस भरी गर्मी से राहत मिलने की संभावना अभी नहीं है। 29 से 30 जून के बीच सीमांचल के पूर्णिया, कटिहार, किशनगंज और अररिया में भारी बारिश की संभावना है। वहीं, 30 जून और 1 जुलाई को पटना, नालंदा, भोजपुर, अरवल और जहानाबाद समेत कई जिलों में भी भारी वर्षा का आशंका जताई गई है।
कब एक्टिव होगा मानसून
बंगाल की खाड़ी में बन रहे कम दबाव के क्षेत्र और मानसूनी ट्रफ के बिहार की ओर बढ़ने से अगले 2 से 4 दिनों में पूरे बिहार में मानसून के पूरी तरह सक्रिय होने की संभावना है। इसके बाद राज्य के अधिकांश जिलों में लगातार बारिश शुरू हो सकती है।
