Voice of Eastern India

इबोला वायरस को लेकर हाई अलर्ट जारी, बिहार के सभी जिलों में बनेंगे क्वारंटीन सेंटर


न्यूज 11 भारत / पटना डेस्क: कोरोना से भी ज्यादा खतरनाक माने जाने वाले इबोला वायरस की भारत में एंट्री की आशंका से हड़कंप मच गया है। अफ्रीकी देशों में इबोला वायरस ने पहले ही तबाही मचा रखी है। जानकारी के मुताबिक, युगांडा से भारत आई एक महिला में इबोला वायरस जैसे लक्षण नजर आए हैं। इबोला जैसे लक्षण नजर आने के बाद महिला को मेडिकल फैसिलिटी में क्वारंटीन किया गया है। जान लें कि इबोला वायरस से मृत्यु दर कोराना वायरस की तुलना में अधिक है। दक्षिणी सूडान, युगांडा और रिपब्लिक ऑफ कांगो जैसे देशों में इबोला से 200 से ज्यादा लोगों की जानें जा चुकी हैं।

अलर्ट पर स्वास्थ्य मंत्रालय

इबोला वायरस के कहर को देखते हुए भारत भी पूरी तरह से अलर्ट मोड पर है। केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री जेपी नड्डा ने इस सिलसिले में अधिकारियों के साथ बैठक भी की है। भारत सरकार ने नागरिकों को अनावश्यक यात्रा ना करने की सलाह दी है। अस्पतालों को भी तैयार रहने के लिए कहा गया है। इसी कड़ी में बिहार में इबोला वायरस को लेकर सभी जिलों में क्वारंटीन सेंटर की व्यवस्था की जाएगी। स्वास्थ्य विभाग ने सभी जिलों को इसका निर्देश जारी किया है। 

जिलों में बनेंगे क्वारंटीन सेंटर 

मुजफ्फरपुर में 10 बेड का यह सेंटर पारू सीएचसी में बनेगा। राज्य स्वास्थ्य विभाग ने सभी जिलों को क्वारंटीन सेंटर बनाने के साथ ही एक नोडल अफसर तय करने का निर्देश दिया है। स्वास्थ्य मंत्रालय ने राज्यों को निर्देश दिया है कि इबोला वायरस के लक्षण वाले मरीजों का सैंपल आईसीएमआर के पुणे लैब में भेजा जाए। मामले बढ़ते हैं तो आईसीएमआर की दूसरी शाखाओं में भी सैंपल भेजे जाएंगे। मंत्रालय ने विदेश से आने वाले यात्रियों पर पूरी नजर और जांच करने का निर्देश दिया है।

अस्पतालों में फिर आएगी पीपीई किट

इबोला वायरस को लेकर भी अस्पतालों में पीपीई किट भेजी जाएगी। स्वास्थ्य विभाग ने सभी अस्पतालों में किट रखने का निर्देश दिया है। इबोला के मरीजों की देखरेख और इलाज कैसे करना है, इसके लिए स्वास्थ्यकर्मियों को प्रशिक्षण भी दिया जाएगा। स्वास्थ्य विभाग सभी जिलों में रैपिड रिस्पांस टीम भी गठित करने जा रहा है।

नेपाल सीमा से सटे जिलों में विशेष निगरानी 

इबोला वायरस को लेकर राज्य सरकार ने नेपाल सीमा से सटे जिलों पूर्वी चंपारण, पश्चिम चंपारण, सीतामढ़ी, मधुबनी, अररिया, सुपौल और किशनगंज में विशेष चौकसी बरतने का निर्देश है। इसके अलावा दरभंगा, गया और पटना एयरपोर्ट पर भी विशेष निगरानी का निर्देश जारी किया है।

केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय की गाइडलाइन

इबोला वायरस को लेकर केंद्रीय स्वास्थ्य व परिवार कल्याण मंत्रालय ने सभी राज्यों के लिए गाइडलाइन जारी किया है। मंत्रालय ने कहा है कि अपने अस्पतालों को पूरी तरह से तैयार कर लें। किसी मरीज में इबोला के लक्षण जैसे बुखार, कमजोरी, मांसेपशियों में दर्द, सिर दर्द, गले में संक्रमण, उल्टी, पेट दर्द, आंखों में लालीपन दिखाई दे, तो इसकी जानकारी स्वास्थ्य विभाग के आईडीएसपी को तुरंत दी जाए। इबोला के लक्षण वाले मरीजों के लिए अलग एंबुलेंस की व्यवस्था रखने का भी निर्देश दिया है।
 



Source link

Leave A Reply

Your email address will not be published.