न्यूज 11 भारत / बिहार डेस्क
राहुल कुमार / शेरघाटी: शेरघाटी थाना क्षेत्र के चिताव कला पंचायत के बहेलिया बीघा टोला में सोमवार की रात अज्ञात चोरों ने एक के बाद एक चार घरों को निशाना बनाकर 15 लाख से अधिक रुपये के सोने-चांदी के जेवरात और नकदी की चोरी कर ली। चोरों ने अधिकांश घरों में छत और सीढ़ी के रास्ते प्रवेश किया और घर में सो रहे लोगों को भनक तक नहीं लगने दी। सुबह जब स्वजन जगे तो घरों में सामान बिखरा मिला और बक्से व ट्रंक गायब मिले। बाद में घर के पीछे और आसपास सुनसान स्थानों पर टूटे हुए बक्से बरामद हुए। एक ही रात चार घरों में चोरी की घटना से पूरे टोले में दहशत और आक्रोश है।
ग्रामीणों के अनुसार, चोरों ने विलाश यादव, सुनीता देवी, रजिया देवी और मुनिया देवी के घरों को निशाना बनाया। वहीं सत्येंद्र यादव के घर से भी बड़ी मात्रा में नकदी व जेवरात चोरी होने की जानकारी सामने आई है। पीड़ित परिवारों के अनुसार चोरी गए सामान की कीमत लाखों रुपये में है। हालांकि पुलिस जांच और सत्यापन के बाद ही चोरी की कुल रकम और जेवरात का सही आकलन हो सकेगा।
छत के रास्ते घर में घुसे चोर
पीड़िता मुनिया देवी ने बताया कि रात में परिवार के लोग आंगन में सो रहे थे। इसी दौरान चोर सीढ़ी और छत के रास्ते घर में दाखिल हो गए। चोरों ने कमरे में रखे बक्से को खोला और उसमें रखे सोने-चांदी के करीब दो थान जेवरात लेकर फरार हो गए। चोरी गए जेवरात में जितिया और नाक की कील आदि शामिल हैं। उन्होंने चोरी गए सामान की कीमत करीब 50 हजार रुपये बताई है।
नकदी के साथ आठ थान जेवरात चोरी
सुनीता देवी के घर से चोरों ने ट्रंक में रखे करीब 10 हजार रुपये नकद और करीब आठ थान जेवरात चोरी कर लिए। पीड़िता के अनुसार, घर में रखे रुपये गाय बेचने और समूह से निकाले गए थे। चोरी गए जेवरात में गले का जीतिया, कान के टॉप्स, चार जोड़ी पायल, नाक की कील और दो जोड़ी बिछिया समेत अन्य आभूषण शामिल हैं। पीड़ित परिवार ने जेवरात की कीमत करीब डेढ़ से दो लाख रुपये बताई है।
खाली कमरे को बनाया निशाना
रजिया देवी, पति कहूला यादव के घर में भी चोर छत के रास्ते दाखिल हुए। परिवार के लोग दूसरे कमरे में सो रहे थे। चोरों ने खाली कमरे को निशाना बनाया और वहां रखे जेवरात लेकर फरार हो गए। पीड़िता के अनुसार, करीब पांच थान सोने के जेवरात चोरी हुए हैं, जिनकी अनुमानित कीमत डेढ़ से ढाई लाख रुपये के बीच है।
भैंस खुलने की आवाज से खुली नींद
सत्येंद्र यादव के घर में हुई चोरी का पता देर रात करीब 2:20 बजे चला। उनके अनुसार परिवार के सभी सदस्य घर में सो रहे थे। इसी दौरान मवेशी यानी भैंस खुलने का शोर सुनाई दिया। परिवार के लोग उठकर बाहर आए तो घर का दरवाजा खुला मिला। अंदर जाकर देखा तो बक्सा गायब था। सुबह घर के पीछे बक्सा टूटा हुआ मिला। पीड़ित के अनुसार, बक्से में करीब 50 हजार रुपये नकद और छह से सात लाख रुपये मूल्य के सोने-चांदी के जेवरात रखे थे।
बिजली संकट से अंधेरे में डूबा टोला
ग्रामीणों ने बताया कि बहेलिया बीघा टोला पिछले करीब 15 दिनों से बिजली संकट से जूझ रहा है। टोले का ट्रांसफार्मर जल गया था। नया ट्रांसफार्मर लगाए जाने के बाद उसे रातभर चार्ज किया गया, लेकिन चालू करते ही वह दोबारा जल गया। इसके कारण रात में पूरा टोला अंधेरे में डूबा रहता है। ग्रामीणों को आशंका है कि इसी अंधेरे का फायदा उठाकर चोरों ने चार घरों को निशाना बनाया।
पुलिस से गश्त बढ़ाने की मांग
एक ही रात चार घरों में चोरी की घटना के बाद ग्रामीणों में पुलिस की रात्रि गश्ती को लेकर भी सवाल उठ रहे हैं। ग्रामीणों ने पुलिस-प्रशासन से मामले की गंभीरता से जांच करने, चोरों की पहचान कर जल्द गिरफ्तारी करने तथा चोरी गए जेवरात और नकदी बरामद कराने की मांग की है। साथ ही बिजली व्यवस्था जल्द दुरुस्त कराने की मांग भी की गई है। पुलिस को घटना की सूचना दी गई है और मामले की जांच की जा रही है।
