Voice of Eastern India

औरंगाबाद में कोचिंग से लौट रही दो छात्राओं को स्कॉर्पियो ने मारी टक्कर, मौत के बाद सड़क जाम


न्यूज 11 भारत / बिहार डेस्क 
धीरेन्द्र पाण्डेय / औरंगाबाद :
बिहार के औरंगाबाद जिले में आज सुबह एक सड़क हादसे ने दो परिवारों की खुशियां हमेशा के लिए छीन लीं। दरअसल पौथू थाना क्षेत्र के भतारी गांव के समीप कोचिंग से पढ़ाई कर घर लौट रही दो किशोर छात्राएं तेज रफ्तार स्कॉर्पियो की चपेट में आ गईं। हादसा इतना भीषण था कि एक छात्रा ने मौके पर ही दम तोड़ दिया, जबकि दूसरी की अस्पताल ले जाने के क्रम में रास्ते में ही मौत हो गई। घटना के बाद पूरे इलाके में आक्रोश का माहौल है। मृतक छात्राओं की पहचान ओबरा थाना क्षेत्र के नरौला गांव निवासी मोहम्मद रियाजुद्दीन की अफसरी (15) और रुस्तम अली की आशिया (15) के रूप में हुई है। दोनों सहेलियां रोज की तरह कोचिंग से पढ़कर अपने गांव लौट रही थीं।

बिजली के पोल से टकराने के बाद मारा धक्का 

ग्रामीणों ने बताया कि तेज रफ्तार स्कॉर्पियो अनियंत्रित होकर पहले सड़क किनारे लगे बिजली के पोल से टकराई फिर सड़क पर जा रही दोनों छात्राओं को जोरदार टक्कर मार दिया। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। आसपास के लोगों ने तत्काल दोनों को अस्पताल पहुंचाने का प्रयास किया, लेकिन तब तक एक छात्रा की मौत हो चुकी थी। दूसरी ने भी इलाज के लिए ले जाने के दौरान रास्ते में दम तोड़ दिया।

आक्रोशितों ने मुख्य मार्ग किया जाम

घटना की खबर सुनते ही काफी संख्या में ग्रामीण और परिजन घटनास्थल पर जुट गए। आक्रोशित लोगों ने भतारी मोड़ के पास ओबरा पौथू मुख्य मार्ग को जाम कर दिया और प्रशासन के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। प्रदर्शन कर रहे लोगों ने आरोपी चालक की तत्काल गिरफ्तारी, पीड़ित परिवारों को उचित मुआवजा और दुर्घटना संभावित इस मार्ग पर स्थायी सड़क सुरक्षा व्यवस्था लागू करने की मांग की।

फरार चालक की तलाश जारी

सड़क जाम के कारण ओबरा पौथू मार्ग पर दोनों ओर वाहनों की लंबी कतार लग गई और यातायात पूरी तरह प्रभावित हो गया। सूचना मिलने के बाद पौथू थानाध्यक्ष संजय कुमार  अपने पूरे दल बल के साथ मौके पर पहुंचे तथा प्रदर्शनकारियों को समझाने का प्रयास किया। पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त स्कॉर्पियो को जब्त कर लिया है। चालक हादसे के बाद मौके से फरार हो गया, जिसकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस लगातार छापेमारी कर रही है। पुलिस का कहना है कि मामले की सभी पहलुओं से जांच की जा रही है और दोषी के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।

 

 

 

 



Source link

Leave A Reply

Your email address will not be published.