न्यूज 11 भारत / बिहार डेस्क
चंद्र प्रकाश / मुजफ्फरपुर : मुजफ्फरपुर जिले से रिश्तों को तार-तार कर देने वाली एक सनसनीखेज वारदात सामने आई है। सकरा थाना क्षेत्र में एक महिला ने अपने ही बड़े बेटे पर चाकू की नोक पर दुष्कर्म करने और जान से मारने की धमकी देने का आरोप लगाया है। नशे के आदी कलयुगी बेटे ने अपनी ही मां के साथ दुष्कर्म जैसी घिनौनी घटना को अंजाम दिया। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी बेटे को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया है
प्रसाद के बहाने बुलाया, फिर दी धमकी
मिली जानकारी के अनुसार, घटना के समय पीड़िता स्नान कर रही थी। इसी दौरान आरोपी बेटे सूरज कुमार ने उसे प्रसाद देने के बहाने अपने पास बुलाया। जैसे ही मां वहां पहुंची, आरोपी ने चाकू का डर दिखाकर उसका मुंह दबा दिया और जबरन कमरे में ले जाकर दुष्कर्म किया। घटना को अंजाम देने के बाद उसने पीड़िता को किसी को भी बताने पर जान से मारने की धमकी दी और मौके से फरार हो गया।
पति के काम से लौटने पर खुली पोल
घटना के समय पीड़िता के पति काम पर गए हुए थे। दो दिन पहले ही आरोपी की पत्नी भी अपने मायके गई हुई थी। जब पति काम से घर लौटे, तो उन्होंने पत्नी को रोते हुए पाया। पूछने पर पीड़िता ने हिम्मत जुटाकर पूरी आपबीती सुनाई। इसके बाद परिवार ने तुरंत स्थानीय सरपंच को सूचना दी और सकरा थाने पहुंचकर आरोपी के खिलाफ नामजद शिकायत दर्ज कराई।
आरोपी तीन बच्चों का पिता और नशे का आदी
स्थानीय लोगों और परिजनों के अनुसार, आरोपी सूरज कुमार पेशे से ऑटो चालक है और बेहद गंभीर रूप से नशे का आदी है। वह नशे की हालत में अक्सर घर पहुंचकर मारपीट और दुर्व्यवहार करता था। आरोपी तीन बच्चों का पिता भी है। घटना के बाद से पूरे इलाके और गांव में लोगों के बीच भारी आक्रोश व्याप्त है। मामले की जानकारी देते हुए डीएसपी पूर्वी मनोज कुमार सिंह ने बताया, “मां द्वारा अपने बड़े बेटे पर दुष्कर्म का गंभीर आरोप लगाया गया है। पीड़िता के बयान के आधार पर मामला दर्ज (FIR) कर लिया गया है। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी सूरज कुमार को गिरफ्तार कर लिया है। उससे पूछताछ के बाद न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया है और मामले में विधि सम्मत कानूनी कार्रवाई जारी है।”
