Voice of Eastern India

खान सर कोचिंग विवाद में बड़ा ट्विस्ट! वायरल वीडियो के बाद पुलिस एक्शन, दो लोग पूछताछ के लिए हिरासत में


न्यूज 11 भारत / बिहार डेस्क 

अश्मित सिन्हा / पटना –  चर्चित खान सर कोचिंग सेंटर पर हुए हमले और कथित फायरिंग मामले ने अब नया मोड़ ले लिया है। मामले में प्रतिद्वंद्वी संस्था ज्ञान बिंदु कोचिंग की ओर से एक वीडियो सार्वजनिक किया गया है, जिसके बाद पुलिस ने जांच की रफ्तार बढ़ा दी है। इसी क्रम में गुरुवार को पुलिस टीम खान सर के कोचिंग संस्थान पहुंची और वहां से दो लोगों को पूछताछ के लिए अपने साथ ले गई।

वीडियो जारी कर लगाए गए गंभीर आरोप

ज्ञान बिंदु कोचिंग से जुड़े आदर्श नामक व्यक्ति ने प्रेस वार्ता के दौरान एक कथित वीडियो जारी किया। उनका दावा है कि 2 मई की रात हुई पूरी घटना के दौरान फायरिंग दूसरी ओर से हुई थी। उन्होंने आरोप लगाया कि पूरे घटनाक्रम को योजनाबद्ध तरीके से अंजाम दिया गया और मामले में कई तथ्यों को नजरअंदाज किया गया है।

आदर्श ने यह भी कहा कि वायरल वीडियो में ज्ञान बिंदु कोचिंग के संचालक रौशन आनंद कहीं दिखाई नहीं दे रहे हैं। ऐसे में जांच एजेंसियों को सभी पहलुओं की निष्पक्षता से जांच करनी चाहिए और किसी भी निष्कर्ष पर पहुंचने से पहले सभी पक्षों की भूमिका को परखना चाहिए।

पुलिस ने बढ़ाया जांच का दायरा

वीडियो सामने आने के बाद पुलिस ने मामले की पड़ताल और गहन कर दी है। सूत्रों के अनुसार, जांच के सिलसिले में खान सर के कोचिंग सेंटर से जुड़े दो व्यक्तियों को पूछताछ के लिए हिरासत में लिया गया है। फिलहाल पुलिस ने इस संबंध में कोई विस्तृत आधिकारिक बयान जारी नहीं किया है, लेकिन जांच लगातार जारी है।

क्या हुआ था 2 मई की रात?

बताया जाता है कि 2 मई की रात करीब 10 बजे पटना स्थित खान सर के कोचिंग सेंटर के बाहर अचानक तनाव की स्थिति उत्पन्न हो गई थी। आरोप था कि कुछ लोग परिसर के बाहर पहुंचे, सुरक्षा कर्मियों के साथ मारपीट की और पत्थरबाजी की। इस दौरान पोस्टर और बैनर फाड़े जाने की भी बात सामने आई थी।

घटना के बाद मौके पर पहुंचे खान सर ने प्रारंभिक प्रतिक्रिया में फायरिंग होने का दावा किया था। हालांकि बाद में उनके बयान में बदलाव देखने को मिला। इसके बाद उनकी शिकायत पर ज्ञान बिंदु कोचिंग से जुड़े लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया गया था।

CCTV फुटेज भी आया था सामने

घटना के बाद सामने आए सीसीटीवी फुटेज में कुछ लोगों को कोचिंग परिसर के बाहर हंगामा करते, गार्ड के साथ धक्का-मुक्की और मारपीट करते देखा गया था। फुटेज में पत्थरबाजी और पोस्टर फाड़ने जैसी गतिविधियां भी दिखाई देने का दावा किया गया था, जिसके आधार पर पुलिस ने आगे की कार्रवाई शुरू की थी।

पहले ही हो चुकी है गिरफ्तारी

इस मामले में पुलिस पहले ही ज्ञान बिंदु कोचिंग के संचालक रौशन आनंद और उनके दो सहयोगियों अभिषेक व गौरव को गिरफ्तार कर चुकी है। तीनों को न्यायालय में पेश किए जाने के बाद न्यायिक हिरासत में बेऊर जेल भेज दिया गया था।

रौशन आनंद ने खुद को बताया निर्दोष

गिरफ्तारी के बाद रौशन आनंद ने आरोपों को खारिज करते हुए कहा था कि उन्हें एक सुनियोजित साजिश के तहत फंसाया जा रहा है। उनका कहना था कि गोली चलने की पुष्टि अब तक स्पष्ट रूप से नहीं हुई है और उनकी संस्था की छवि खराब करने का प्रयास किया जा रहा है। उन्होंने न्यायिक प्रक्रिया पर भरोसा जताते हुए कहा था कि जांच पूरी होने के बाद सच्चाई सामने आ जाएगी।

फिलहाल वायरल वीडियो के सामने आने के बाद यह मामला एक बार फिर चर्चा में है। अब सभी की नजर पुलिस जांच और उसके निष्कर्षों पर टिकी हुई है, जिससे पूरे घटनाक्रम की वास्तविक तस्वीर सामने आ सके।
 

इसे भी पढ़ें – कोचिंग की जंग या लोकप्रियता की लड़ाई? गुरु रहमान बोलें, सबसे बड़ा नुकसान छात्रों का



Source link

Leave A Reply

Your email address will not be published.