Voice of Eastern India

गया में कंटेनर से 3087 लीटर अंग्रेजी शराब बरामद, राजस्थान का चालक गिरफ्तार


न्यूज 11 भारत / बिहार डेस्क
राहुल कुमार / शेरघाटी :
आमस थाना क्षेत्र में पुलिस ने शराब तस्करों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए एक कंटेनर से भारी मात्रा में अंग्रेजी शराब बरामद की है। पुलिस ने कंटेनर की तलाशी के दौरान इंपीरियल ब्लू ब्रांड की कुल 349 कार्टन शराब जब्त की। बरामद शराब की कुल मात्रा 3087 लीटर बताई गई है। मामले में कंटेनर चालक को गिरफ्तार कर लिया गया है और उससे पूछताछ की जा रही है।

गुप्त सूचना पर चला जांच अभियान

जानकारी के अनुसार, आमस थाना पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि एक कंटेनर के माध्यम से बड़ी खेप में अंग्रेजी शराब बिहार में खपाने के लिए लाई जा रही है। सूचना के आधार पर पुलिस ने वाहन जांच अभियान चलाया। इसी दौरान संदिग्ध कंटेनर को रोककर उसकी तलाशी ली गई। तलाशी के दौरान कंटेनर से इंपीरियल ब्लू शराब की बड़ी खेप बरामद हुई।

शराब की अनुमानित कीमत 30-40 लाख रुपये 

पुलिस के अनुसार बरामद शराब में 180 एमएल की 149 कार्टन, 375 एमएल की 100 कार्टन तथा 750 एमएल की 100 कार्टन शामिल हैं। कुल मिलाकर 349 कार्टन में 3087 लीटर अंग्रेजी शराब जब्त की गई है। बरामद शराब की अनुमानित कीमत 30 से 40 लाख रुपये आंकी गई है।

कंटेनर चालक से पूछताछ जारी

कार्रवाई के दौरान कंटेनर चालक नरेश कुमार (राजस्थान) को गिरफ्तार कर लिया गया। पुलिस उससे शराब की खेप के स्रोत, गंतव्य और तस्करी नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों के संबंध में पूछताछ कर रही है। आशंका जताई जा रही है कि यह खेप बिहार के विभिन्न क्षेत्रों में अवैध रूप से खपाने के लिए लाई जा रही थी।

शराब तस्करों के खिलाफ कार्रवाई जारी 

थानाध्यक्ष धनंजय कुमार ने बताया कि बिहार में पूर्ण शराबबंदी कानून को प्रभावी बनाने के लिए लगातार अभियान चलाया जा रहा है। शराब तस्करी में शामिल लोगों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जा रही है। मामले में उत्पाद एवं मद्यनिषेध अधिनियम के तहत प्राथमिकी दर्ज कर आगे की कानूनी प्रक्रिया पूरी की जा रही है। इस कार्रवाई को क्षेत्र में शराब तस्करी के खिलाफ पुलिस की बड़ी सफलता माना जा रहा है। पुलिस अब इस नेटवर्क से जुड़े अन्य तस्करों और शराब माफियाओं की पहचान में जुटी है, ताकि पूरे गिरोह का पर्दाफाश किया जा सके।



Source link

Leave A Reply

Your email address will not be published.