Voice of Eastern India

छात्रा ने इंस्टाग्राम पर पोस्ट किया वीडियो, कहा- मैंने जहर खा लिया है और फिर… 


न्यूज 11 भारत / बिहार डेस्क 
शंभू भगत / भागलपुर :
भागलपुर तातारपुर थाना क्षेत्र के उर्दू बाजार में किराये के मकान में रहकर पढ़ाई कर रही इंटर की छात्रा ने कथित रूप से जहर खा लिया। इलाज के दौरान जवाहरलाल नेहरू मेडिकल कॉलेज अस्पताल में उसकी मौत हो गई। घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस मामले की जांच में जुट गई है। मृतका की पहचान कटहारा कुमारपुर बाथ थाना क्षेत्र निवासी सुनील कुमार की 16 वर्षीय पुत्री शिवानी कुमारी के रूप में हुई है। 

वह पिछले कुछ महीनों से भागलपुर में रहकर 12वीं की पढ़ाई कर रही थी। बताया गया है कि जहर खाने के बाद शिवानी ने दो वीडियो रिकॉर्ड कर अपने इंस्टाग्राम अकाउंट पर पोस्ट किया था। वीडियो में कहा है कि उसने जहर खा लिया है और इसके लिए अपने साथ किराये के मकान में रहने वाले लालमोहन ठाकुर, उनकी पत्नी और उनकी पुत्री जाह्नवी शर्मा को जिम्मेदार ठहराया है। 

उसने आरोप लगाया कि पिछले दस दिनों से उसे प्रताड़ित किया जा रहा था और उसके साथ मारपीट भी की जाती थी। वीडियो सोशल मीडिया पर पोस्ट होने के बाद परिजनों को घटना की जानकारी मिली, जिसके बाद वे तुरंत भागलपुर के लिए रवाना हुए। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम कराया है। मामले की जांच के लिए एफएसएल टीम ने भी साक्ष्य जुटाए हैं। पुलिस का कहना है कि छात्रा के वीडियो, परिजनों के आरोप और अन्य उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर सभी पहलुओं की जांच की जा रही है



Source link

Leave A Reply

Your email address will not be published.