न्यूज 11 भारत / बिहार डेस्क
अश्मित सिन्हा ( संवाददाता ) / पटना – पटना स्थित लोकसेवक आवास के संकल्प सभागार में मुख्यमंत्री की अध्यक्षता में पथ निर्माण विभाग की उच्चस्तरीय समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में राज्य में चल रही सड़क एवं पुल परियोजनाओं की प्रगति, गुणवत्ता और रखरखाव की विस्तार से समीक्षा की गई। मुख्यमंत्री ने स्पष्ट निर्देश दिया कि सड़क और पुल निर्माण कार्यों में किसी भी स्तर पर गुणवत्ता से समझौता नहीं किया जाएगा। उन्होंने अधिकारियों को निर्माण कार्यों की नियमित निगरानी सुनिश्चित करने तथा तय मानकों के अनुरूप परियोजनाओं को समय पर पूरा कराने का निर्देश दिया। मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य के विकास में बेहतर सड़क संपर्क की महत्वपूर्ण भूमिका है और सरकार आधुनिक एवं विश्वस्तरीय सड़क अवसंरचना विकसित करने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है।
हाईलाइट्स –
- मुख्यमंत्री ने पथ निर्माण विभाग के साथ की उच्चस्तरीय समीक्षा बैठक।
- सड़क और पुल निर्माण कार्यों में गुणवत्ता से समझौता नहीं करने का निर्देश।
- सभी पुलों के नियमित निरीक्षण और सुरक्षा ऑडिट कराने पर जोर।
- राज्य की सड़कों और पुलों के बेहतर रखरखाव के निर्देश दिए गए।
- सड़क एवं पुल परियोजनाओं के लिए धन की कमी नहीं होने देने की बात कही।
- मुंगेर–भागलपुर 4 लेन गंगा पथ परियोजना को HAM मॉडल पर आगे बढ़ाने का निर्देश।
- सुरक्षित, सुदृढ़ और आधुनिक सड़क अवसंरचना निर्माण के प्रति सरकार की प्रतिबद्धता दोहराई गई।
रखरखाव, निरीक्षण और सुरक्षा ऑडिट पर विशेष फोकस
बैठक में मुख्यमंत्री ने राज्य की सभी सड़कों और पुलों के बेहतर रखरखाव पर विशेष जोर दिया। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि सभी पुलों का नियमित निरीक्षण कराया जाए तथा उनकी संरचनात्मक मजबूती की समय-समय पर जांच सुनिश्चित की जाए। इसके साथ ही सभी प्रमुख पुलों का सुरक्षा ऑडिट कराने का भी निर्देश दिया गया, ताकि किसी भी संभावित खतरे की समय रहते पहचान कर आवश्यक कार्रवाई की जा सके। मुख्यमंत्री ने कहा कि आम लोगों की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है और सड़क एवं पुलों की मजबूती तथा सुरक्षित संचालन के लिए हर आवश्यक कदम उठाया जाना चाहिए। उन्होंने विभागीय अधिकारियों से रखरखाव व्यवस्था को और अधिक प्रभावी बनाने की अपेक्षा जताई।
गंगा पथ परियोजना को HAM मॉडल पर आगे बढ़ाने का निर्देश
समीक्षा बैठक के दौरान मुंगेर–बरियारपुर–घोरघट–सुल्तानगंज–भागलपुर–सबौर 4 लेन गंगा पथ परियोजना की भी विस्तृत समीक्षा की गई। मुख्यमंत्री ने इस महत्वाकांक्षी परियोजना को हाइब्रिड एन्यूटी मॉडल (HAM) के तहत आगे बढ़ाने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि सड़क एवं पुल परियोजनाओं के लिए धन की कोई कमी नहीं होने दी जाएगी और आवश्यक संसाधनों की उपलब्धता सुनिश्चित की जाएगी। मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को परियोजनाओं के क्रियान्वयन में पारदर्शिता, गुणवत्ता और समयबद्धता बनाए रखने पर विशेष ध्यान देने को कहा। बैठक में यह भी दोहराया गया कि बिहार सरकार सुरक्षित, सुदृढ़ और आधुनिक सड़क अवसंरचना के निर्माण के लिए लगातार प्रयासरत है, जिससे राज्य के विभिन्न क्षेत्रों के बीच बेहतर संपर्क स्थापित हो सके और आर्थिक गतिविधियों को नई गति मिले।
इसे भी पढ़ें – बांकीपुर पर भाजपा का बड़ा दावा, एमएलसी चुनाव को लेकर पटना में बना जीत का रोडमैप
