Voice of Eastern India

पप्पू यादव का CM सम्राट पर तीखा हमला, बोले- बिहार में बेटी और व्यापारी तक… 



बिहार की सियासत में एक बार फिर बयानबाजी तेज हो गई है।

न्यूज11 भारत/पटना डेस्क: बिहार की सियासत में एक बार फिर बयानबाजी तेज हो गई है। पूर्णिया के निर्दलीय सांसद राजेश रंजन उर्फ पप्पू यादव ने मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी पर तीखा तंज कसते हुए राज्य की कानून-व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े किए हैं। झारखंड के देवघर स्थित बाबा वैद्यनाथ धाम में पूजा-अर्चना के बाद मीडिया से बातचीत में पप्पू यादव ने कहा कि बिहार में अपराध का ग्राफ बढ़ रहा है और आम लोगों का जीना मुश्किल हो गया है।

मुख्यमंत्री पर निशाना साधते हुए उन्होंने हाथ जोड़कर कहा, “मुख्यमंत्री जी, अब बख्श दीजिए। अब कितना अपमानित करवाएंगे?” उन्होंने आरोप लगाया कि बिहार में न बेटियां सुरक्षित हैं और न ही व्यापारी वर्ग। राज्य की मौजूदा स्थिति को लेकर उन्होंने सरकार की कार्यशैली पर भी सवाल उठाए।

40 साल से बदनाम हो रहा बिहार

पप्पू यादव ने कहा कि बिहार पिछले 40 वर्षों से देशभर में बदनामी झेल रहा है। कभी गरीबी, कभी बेरोजगारी, तो कभी जात-पात और नफरत की राजनीति के नाम पर बिहार की पहचान बनाई जाती रही है। उन्होंने कहा कि राज्य में रोजगार के अवसर नहीं हैं और लोगों के सामने पलायन करने के अलावा कोई दूसरा विकल्प नहीं बचा है।

उन्होंने सरकार पर तंज कसते हुए कहा, “रोपिएगा बबूल और खाइएगा खजूर? गोबर पर घी डालिएगा तो किसकी महक आएगी?” उनके इन बयानों को मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी और मौजूदा सरकार पर सीधे हमले के तौर पर देखा जा रहा है।

अपराध की घटनाओं का दिया हवाला 

बिहार की कानून-व्यवस्था पर सवाल उठाते हुए पप्पू यादव ने खगड़िया में व्यापारी को गोली मारे जाने और मधुबनी में पुलिसकर्मी पर हत्या का आरोप लगने की घटना का जिक्र किया। उन्होंने कहा कि जब व्यापारी और बेटियां ही सुरक्षित नहीं हैं तो आम जनता की सुरक्षा का सवाल कहां रह जाता है।

उन्होंने आरोप लगाया कि राज्य में अपराधियों के हौसले बुलंद हैं और सरकार इस स्थिति पर प्रभावी नियंत्रण नहीं कर पा रही है।

BJP-RSS पर भी साधा निशाना

पप्पू यादव ने बीजेपी और आरएसएस पर भी हमला बोला। उन्होंने राम मंदिर निर्माण के लिए मिले चंदे में कथित चोरी का मुद्दा उठाते हुए सवाल खड़े किए। उन्होंने सावरकर और दीनदयाल उपाध्याय की विचारधारा का जिक्र करते हुए भगवान श्रीराम को लेकर भी टिप्पणी की।

धीरेंद्र शास्त्री पर भी बरसे पप्पू यादव

पप्पू यादव ने बागेश्वर धाम के पंडित धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री पर भी निशाना साधा। उन्होंने भगवान श्रीकृष्ण से जुड़े उनके कथित बयान पर आपत्ति जताते हुए कहा कि मानवता के कल्याण के लिए क्रांति का संदेश देने वाले भगवान कृष्ण को भी अपमानित किया जा रहा है।

गौरतलब है कि धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री का भगवान श्रीकृष्ण को लेकर दिया गया एक बयान सोशल मीडिया पर चर्चा में रहा है। इस पर बिहार के नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव ने भी विरोध जताया था। हालांकि, धीरेंद्र शास्त्री अपने बयान पर खेद प्रकट कर चुके हैं।
 





Source link

Leave A Reply

Your email address will not be published.