Voice of Eastern India

पानी दो, पानी दो के नारों से गूंजा बिहार का यह गांव, सड़क पर उतरे ग्रामीण; जानिए क्या है इसकी वजह


न्यूज 11 भारत / पटना डेस्क:  नवादा जिले के वारिसलीगंज थाना क्षेत्र के हाजीपुर पंचायत के मिल्की गांव में पानी की समस्या को लेकर ग्रामीणों ने सड़क जाम कर प्रदर्शन किया। पिछले दो महीने से नल-जल योजना खराब होने से परेशान ग्रामीणों ने बाघी-बरडीहा-बरबीघा पथ (SH 83) पर मिल्की के समीप आवागमन बाधित कर दिया। इस दौरान ग्रामीणों ने ‘पानी दो, पानी दो’ के नारे लगाए।

ग्रामीणों के अनुसार, पिछले दो महीने से उनके घरों में नल-जल का पानी नहीं आ रहा है। उन्होंने इस समस्या के बारे में कई बार जनप्रतिनिधियों और विभागीय अधिकारियों को सूचित किया, लेकिन उनकी शिकायत पर कोई कार्रवाई नहीं हुई।

ग्रामीणों ने बताया कि उन्हें पानी के लिए काफी दूर जाना पड़ता है। मिल्की गांव की दलित बस्ती में एक भी हैंडपंप या चापाकल नहीं है, जिससे नल-जल योजना बंद होने के बाद पानी की गंभीर किल्लत हो गई है। स्थानीय निवासियों के मुताबिक, हाजीपुर पंचायत के वार्ड संख्या 1, 5, 8, 9, 11 और 12 के लोग भी पानी की समस्या से जूझ रहे हैं। उन्हें अपनी दैनिक जरूरतों के लिए दूर से पानी लाना पड़ रहा है।

इस मामले पर मुखिया प्रतिनिधि बंधु चौधरी ने बताया कि उन्होंने नल-जल की समस्या को लेकर कई बार विभाग के एग्जीक्यूटिव से संपर्क करने का प्रयास किया, लेकिन अधिकारियों ने फोन नहीं उठाया। ग्रामीणों के सड़क जाम करने से बाघी-बरडीहा-बरबीघा पथ पर आवागमन प्रभावित हुआ। ग्रामीणों की मुख्य मांग है कि नल-जल योजना को जल्द से जल्द ठीक किया जाए और दलित बस्ती में चापाकल की व्यवस्था की जाए। ग्रामीणों को उम्मीद है कि विभागीय अधिकारी और जनप्रतिनिधि उनकी इस समस्या का स्थायी समाधान करेंगे।



Source link

Leave A Reply

Your email address will not be published.