Voice of Eastern India

पिता के दिल्ली से लौटने के बाद हुआ अंतिम संस्कार, नम आंखों से दी अंतिम विदाई



मोतिहारी के छतौनी थाना क्षेत्र मे चाकू मारकर की गई राजन कुमार की हत्या के बाद पूरे इलाके में मातम पसरा हुआ है। 

न्यूज 11 भारत/बिहार डेस्क
मनीष कुमार/मोतिहारी:
मोतिहारी के छतौनी थाना क्षेत्र मे चाकू मारकर की गई राजन कुमार की हत्या के बाद पूरे इलाके में मातम पसरा हुआ है। घटना के दूसरे दिन मृतक राजन कुमार का अंतिम संस्कार किया गया। राजन के पिता के दिल्ली से वापस आने के बाद परिवार और ग्रामीणों की मौजूदगी में अंतिम संस्कार की प्रक्रिया पूरी की गई। 

राजन की अंतिम विदाई के दौरान बड़ी संख्या में गांव और आसपास के लोग जुटे। हर किसी की आंखें नम थीं और परिवार के लोगों का रो-रोकर बुरा हाल था। अंतिम संस्कार में मौजूद लोगों के बीच एक ही सवाल लगातार उठता रहा कि आखिर राजन की इतनी बेरहमी से चाकू मारकर हत्या क्यों कर दी गई। 

बताया जा रहा है कि राजन कुमार छतौनी थाना क्षेत्र के बड़ा बरियारपुर वार्ड नंबर 45 निवासी विजय सहनी का पुत्र था। पिछले दिनों डाक बम की सेवा और यात्रा देखने के लिए वह घर से बाहर निकला था। इसी दौरान पुराना रहमानिया अस्पताल के आसपास राजन पर चाकू से हमला किया गया। गंभीर रूप से घायल राजन की मौके पर ही मौत हो गई।

घटना के बाद पुलिस ने मामले में कार्रवाई तेज करते हुए आरोपियों की गिरफ्तारी शुरू कर दी है। पुलिस की ओर से गिरफ्तार किए गए आरोपियों को न्यायिक हिरासत में भेजा जा रहा है। वहीं पुलिस हत्या के पीछे के कारणों और घटना में शामिल अन्य लोगों की भूमिका की भी जांच कर रही है। 

इधर, बेटे के अंतिम संस्कार के दौरान पिता विजय सहनी अपने आंसुओं को रोक नहीं सके। रोते हुए उन्होंने कहा कि उन्होंने राजन को घर से बाहर जाने से मना किया था। पिता का कहना था कि अगर राजन उनकी बात मानकर घर से बाहर नहीं जाता, तो शायद आज वह जिंदा होता।

राजन की मौत ने पूरे परिवार को गहरे सदमे में डाल दिया है। जिस घर में कुछ दिन पहले तक परिवार के बीच खुशियां थीं, वहां अब मातम पसरा हुआ है। मां और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। वहीं अंतिम संस्कार में पहुंचे ग्रामीणों ने भी घटना पर दुख जताते हुए दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की।

 





Source link

Leave A Reply

Your email address will not be published.