न्यूज 11 भारत / बिहार डेस्क
अश्मित सिन्हा / पटना: बांकीपुर उपचुनाव के लिए कल वोटिंग है और उससे पहले आज जनसुराज के कैंडिडेट प्रशांत किशोर के खिलाफ पटना के शास्त्री नगर थाने में शिकायत दर्ज की गई है। जेडीयू MLC नीरज बबलू ने प्रशांत किशोर के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।
बता दें कि 2 दिन पहले नीतीश कुमार ने एक वीडियो जारी किया था। जिसमें उन्होंने बांकीपुर की जनता से NDA के कैंडिडेट को जिताने की अपील की थी। उन्होंने कहा था कि ‘बांकीपुर क्षेत्र के प्यारे मतदाताओं को मेरा प्रणाम।
आप जानते हैं कि आपके विधानसभा क्षेत्र में 30 जुलाई को मतदान होगा। आप सभी के विश्वास सहयोग और आशीर्वाद से हमने दो दशकों में न्याय के साथ विकास को पूरी ईमानदारी से धरातल पर उतारने का काम किया है।
विकास की इस गति को बनाए रखने और विकसित बिहार के निश्चय को पूरा करने के लिए आपका एक-एक वोट जरूरी है। आप सभी मतदाताओं से आग्रह है कि आप एनडीए के युवा उम्मीदवार नीरज कुमार सिन्हा को अपना आशीर्वाद दें और मतदान के दिन कमल छाप पर बटन दबाकर भारी मतों से विजयी बनाएं।’ इस वीडियो को प्रशांत किशोर ने AI बताया था।
नीतीश कुमार बयान दे दें, मैं दावेदारी छोड़ दूंगाः PK
इस वीडियो के बारे में प्रशांत किशोर ने कहा था कि नीतीश कुमार की वोट अपील वाला वीडियो फेक और AI जेनेरेटेड है। उन्होंने कहा, ‘मैं दावे के साथ कह सकता हूं कि वह नीतीश कुमार का असली वीडियो नहीं है। बीजेपी हार चुकी है। 220 विधायकों, मंत्रियों, सरकारी तंत्र को लगाने के बाद अब ऐसे हथकंडे अपना रही है। एनडीए कैंडिडेट के पक्ष में माहौल बनाने की पूरी कोशिश की गई है।’
बांकीपुर में हो रहे उपचुनाव के मंगलवार को प्रचार खत्म हो गया। चुनाव प्रचार के आखिरी दो दिन में भाजपा, जन सुराज और राजद ने पूरा दम लगाया।
3.79 लाख से अधिक मतदाता डालेंगे वोट
बांकीपुर विधानसभा क्षेत्र में कुल 3 लाख 79 हजार 616 मतदाता वोट डालने के पात्र हैं। इनमें 2 लाख 60 पुरुष, 1 लाख 79 हजार 533 महिला और 23 थर्ड जेंडर हैं। 422 मतदान केंद्र बनाए गए हैं। 247 मतदान केंद्र सरकारी भवनों में तथा 175 मतदान केंद्र निजी भवनों में स्थापित किए गए हैं। इसके अतिरिक्त मतदाताओं की सुविधा के लिए 29 चलंत (मोबाइल) मतदान केंद्र भी बनाए गए हैं।
चुनाव मैदान में 25 उम्मीदवार
नामांकन प्रक्रिया के दौरान 40 उम्मीदवारों ने नामांकन पत्र दाखिल किया था। जांच के बाद 26 नामांकन वैध पाए गए। इसके बाद एक उम्मीदवार ने नाम वापस ले लिया, जिसके चलते अब 25 प्रत्याशी चुनाव मैदान में अपनी किस्मत आजमा रहे हैं।
