Voice of Eastern India

बिहार में गुटखा लाने से मना करने पर 13 साल के मासूम की चाकू रेतकर हत्या, आरोपी फरार 


न्यूज 11 भारत/बिहार डेस्क
पवन बंधु सिन्हा, बेगूसराय:
बेगूसराय में एक छोटी सी बात को लेकर शुरू हुआ विवाद खूनी वारदात में बदल गया। आरोप है कि गुटका लाने से इनकार करने पर 13 साल के एक बच्चे की गर्दन पर चाकू से वार कर उसकी हत्या कर दी गई। वारदात के बाद इलाके में सनसनी फैल गई, जबकि मृतक के परिवार में चीख-पुकार मच गई।

मामला फूलवड़िया थाना क्षेत्र के नगर परिषद बरौनी स्थित शोकहारा सब्जी मंडी मे सोमवार की है। बताया जा रहा है कि सोमवार की शाम करीब 13 वर्षीय मो. फैज़ान को पड़ोस में रहने वाले एक युवक ने गुटका लाने को कहा। फैज़ान ने गुटका लाने से इनकार कर दिया। आरोप है कि इसी बात से नाराज होकर युवक ने फैज़ान की गर्दन पर चाकू से वार कर दिया।

चाकू लगते ही फैज़ान गंभीर रूप से घायल होकर जमीन पर गिर पड़ा। मौके पर मौजूद लोगों ने आनन-फानन में उसे इलाज के लिए स्थानीय अस्पताल पहुंचाया, लेकिन डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

मृतक की पहचान शोकहारा रौशन टोला, वार्ड संख्या 16 निवासी मजदूर मो. अफ़ज़ल के करीब 13 वर्षीय पुत्र मो. फैज़ान के रूप में हुई है। वहीं, घटना को अंजाम देने का आरोप पड़ोस में रहने वाले मो. आशिक पर लगाया गया है। घटना के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया।

वारदात की सूचना मिलते ही फूलवड़िया थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर आवश्यक कागजी कार्रवाई के बाद पोस्टमार्टम के लिए बेगूसराय भेज दिया।

इधर, नाबालिग की हत्या से आक्रोशित लोगों ने शव के साथ सड़क जाम करने की कोशिश की। हालांकि फूलवड़िया थानाध्यक्ष विजय सहनी सहित स्थानीय लोगों के समझाने-बुझाने के बाद मामला शांत कराया गया।

वहीं, घटना की गंभीरता को देखते हुए बेगूसराय एसपी मनीष ने भी घटनास्थल का निरीक्षण किया और आवश्यक कार्रवाई का भरोसा दिलाया। पुलिस आरोपी की गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर लगातार छापेमारी कर रही है।

बताया गया है कि मृतक फैज़ान अपने माता-पिता का बड़ा बेटा था। उसके पिता मजदूरी कर परिवार का भरण-पोषण करते हैं। बेटे की मौत की खबर मिलते ही परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।

फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी है। गुटका लाने से इनकार करने पर ही हत्या की गई या इसके पीछे कोई और वजह भी है, इसका पूरा खुलासा पुलिस जांच और परिजनों के आवेदन के बाद ही हो सकेगा।

लेकिन जिस तरह भीड़भाड़ वाले इलाके में एक 13 वर्षीय बच्चे की गर्दन पर चाकू से वार कर हत्या की गई, उसने इलाके की सुरक्षा व्यवस्था पर भी गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।



Source link

Leave A Reply

Your email address will not be published.