न्यूज 11 भारत / बिहार डेस्क (अस्मित,पटना) बिहार की सियासत से इस वक्त की सबसे बड़ी खबर सामने आ रही है। राष्ट्रीय जनता दल (RJD) की कद्दावर और तेजतर्रार महिला नेता रितु जायसवाल अब भारतीय जनता पार्टी (BJP) में शामिल होने जा रही हैं। कभी लालू प्रसाद यादव के परिवार और आरजेडी के शीर्ष नेतृत्व की बेहद खास और भरोसेमंद मानी जाने वाली रितु जायसवाल का जाना विपक्षी खेमे के लिए एक बड़ा मनोवैज्ञानिक झटका माना जा रहा है।
बीजेपी प्रदेश कार्यालय में होगा मिलन समारोह; संजय सरावगी दिलाएंगे सदस्यता
रितु जायसवाल की एंट्री को भव्य बनाने के लिए बीजेपी ने पूरी तैयारी कर ली है। आगामी 26 मई को पटना स्थित भाजपा प्रदेश कार्यालय में एक विशेष मिलन समारोह का आयोजन किया जाएगा। इस मौके पर बीजेपी के प्रदेश अध्यक्ष संजय सरावगी खुद मौजूद रहेंगे और रितु जायसवाल को पार्टी की प्राथमिक सदस्यता दिलाकर बीजेपी परिवार में उनका स्वागत करेंगे। इस दौरान भाजपा के कई अन्य वरिष्ठ नेताओं के भी मंच पर रहने की संभावना है।
टिकट न मिलने से उपजी थी नाराजगी; बगावत कर निर्दलीय भी लड़ चुकी हैं चुनाव
रितु जायसवाल की इस नाराजगी और पाला बदलने की पटकथा काफी समय पहले ही लिख दी गई थी। आरजेडी में रहते हुए टिकट वितरण को लेकर उनकी पार्टी नेतृत्व से दूरियां बढ़ गई थीं। जब मनमुताबिक सीट से उन्हें टिकट नहीं मिला, तो उन्होंने खुलकर बगावत का बिगुल फूंक दिया था और निर्दलीय प्रत्याशी के रूप में चुनावी मैदान में उतरकर आरजेडी के समीकरणों को चुनौती दी थी। तभी से यह कयास लगाए जा रहे थे कि वह जल्द ही किसी नए राजनीतिक ठिकाने की तलाश में हैं।
रितु के आने से एनडीए को मिलेगी मजबूती; महिला वोट बैंक पर बीजेपी की नजर
रितु जायसवाल की छवि एक पढ़ी-लिखी, जमीनी और सोशल मीडिया पर बेहद सक्रिय रहने वाली प्रखर नेत्री की रही है। मुखिया के रूप में उनके कार्यों की चर्चा राष्ट्रीय स्तर पर हो चुकी है। ऐसे में उनके बीजेपी में शामिल होने से न सिर्फ सीमांचल और आसपास के इलाकों में पार्टी मजबूत होगी, बल्कि महिला मतदाताओं के बीच भी बीजेपी अपनी पैठ और गहरी कर सकेगी।
