Voice of Eastern India

बिहार में सो रहे बुजुर्ग को मारी गोली, फरार आरोपी की तलाश जारी


न्यूज 11 भारत / बिहार डेस्क 
देव तिवारी / कैमूर :
जिले के मोहनिया थाना क्षेत्र में अपराधियों के हौसले बुलंद हैं और कानून-व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े हो रहे हैं। बीते तीन दिनों के भीतर अलग-अलग स्थानों पर गोलीबारी की दो घटनाओं ने इलाके में सनसनी फैला दी है। ताजा मामला मोहनिया थाना क्षेत्र के नावागांव का है, जहाँ एक  70 वर्षीय बुजुर्ग को अपराधियों ने निशाना बनाया।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, नावागांव निवासी स्वर्गीय बालगोविंद सिंह के 70 वर्षीय पुत्र रामदुलार सिंह अपने खेत की रखवाली करने और पानी चलाने के बाद दालान पर सो रहे थे। इसी दौरान अज्ञात हमलावरों ने उन पर गोली चला दी, जो उनकी बांह में जा लगी। घटना के तुरंत बाद परिजन और स्थानीय लोग उन्हें इलाज के लिए नजदीकी सरकारी अस्पताल ले गए। 

घायल के पुत्र मुन्ना सिंह ने बताया कि उनकी किसी से कोई पुरानी दुश्मनी या विवाद नहीं था, फिर भी सोते समय पिता पर यह जानलेवा हमला किया गया। मामले की जानकारी मिलते ही पुलिस अस्पताल पहुंची और परिजनों के बयान दर्ज कर छानबीन शुरू कर दी है। 

अस्पताल के चिकित्सक डॉ. के.पी. सिंह ने बताया कि मरीज की बांह पर चोट के निशान हैं और हड्डी में फ्रैक्चर हुआ है। एक्स-रे और अन्य जांच के बाद ही स्थिति पूरी तरह स्पष्ट होगी। फिलहाल मरीज की गंभीर स्थिति को देखते हुए हायर सेंटर रेफर कर दिया गया।

इस संबंध में मोहनिया एसडीपीओ गोपाल कृष्णा ने अपने कार्यालय में प्रेस वार्ता कर बताया कि पीड़ित ने अभी आवेदन नहीं दिया है, आरोपी के खिलाफ छापामारी की जा रही है। जल्द ही आरोपी को गिरफ्तार कर लिया जाएगा

गौरतलब है कि पिछले 72 घंटों में गोलीबारी की यह दूसरी वारदात है, जिससे ग्रामीणों में गहरा आक्रोश और भय का माहौल है। लगातार बढ़ रहे अपराध को लेकर स्थानीय लोगों ने पुलिस प्रशासन से गश्त बढ़ाने और दोषियों को जल्द से जल्द गिरफ्तार करने की मांग की है।

 



Source link

Leave A Reply

Your email address will not be published.