Voice of Eastern India

मुजफ्फरपुर पुलिस का एक्शन, अवैध हथियार संग वीडियो वायरल करने वाला युवक गिरफ्तार


न्यूज 11 भारत / बिहार डेस्क 
चंद्र प्रकाश / मुजफ्फरपुर :
मुजफ्फरपुर पुलिस ने सोशल मीडिया पर अवैध हथियार का प्रदर्शन कर दहशत फैलाने के मामले में बड़ी कार्रवाई करते हुए आरोपी युवक को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने आरोपी के पास से वायरल वीडियो में दिखाई गई एक दोनाली बंदूक और घटना में प्रयुक्त मोबाइल फोन भी बरामद किया है।

अवैध हथियार संग वीडियो वायरल

पुलिस के अनुसार, 1 जुलाई 2026 को सोशल मीडिया पर एक युवक का अवैध हथियार के साथ वीडियो तेजी से वायरल हुआ था। वीडियो में युवक हथियार लहराते हुए आपत्तिजनक और जातिसूचक बातें कह रहा था तथा लोगों में भय और दहशत फैलाने की कोशिश कर रहा था। जांच में वीडियो सकरा थाना क्षेत्र का पाया गया, जिसके बाद सकरा थाना कांड संख्या 399/26 दर्ज कर विशेष टीम का गठन किया गया। लगातार छापेमारी के दौरान पुलिस ने आरोपी विवेक सिंह राजपूत को पटना से गिरफ्तार कर लिया।गिरफ्तार आरोपी के पास से एक दोनाली बंदूक, एक मोबाइल फोन बरामद किया गया है। पुलिस मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई कर रही है।

न्यायिक हिरासत में भेजा गया आरोपी 

ग्रामीण एसपी राजेश सिंह प्रभाकर ने बताया कि सोशल मीडिया पर अवैध हथियार के साथ एक युवक का वीडियो वायरल हो रहा था। वीडियो का सत्यापन कराया गया। जिसमे पाया गया कि अवैध हथियार का प्रदर्शन करते हुए लोगो के बीच दहशत फैलाने का काम कर रहा था। सकरा थाना में कांड दर्ज किया गया। विवेक सिंह गार्ड का काम करता है। विवेक को गिरफ्तार कर हथियार जब्त कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है। 

कानून का उल्लंघन करने पर कार्रवाई

मुजफ्फरपुर पुलिस ने लोगों से अपील की है कि सोशल मीडिया पर वीडियो या रील बनाने के दौरान कानून का उल्लंघन न करें। हथियारों का प्रदर्शन या दहशत फैलाने वाले कंटेंट पर साइबर सेल और सोशल मीडिया सेल लगातार निगरानी रख रही है, और ऐसे मामलों में कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
 



Source link

Leave A Reply

Your email address will not be published.