न्यूज 11 भारत / बिहार डेस्क
रोहित कुमार ( संवाददाता ) / पटना – राज्य सरकार शिक्षा व्यवस्था को मजबूत करने के उद्देश्य से सभी प्रखंडों में आदर्श विद्यालय खोलने की तैयारी कर रही है। इन विद्यालयों का नाम ‘सरस्वती विद्या निकेतन’ रखा जाएगा। सरकार का लक्ष्य छात्रों को बेहतर शैक्षणिक माहौल, गुणवत्तापूर्ण शिक्षा और आधुनिक सुविधाएं उपलब्ध कराना है। जानकारी के अनुसार यह योजना राज्य सरकार के सात निश्चय पार्ट-3 के महत्वपूर्ण कार्यक्रमों में शामिल है। विद्यालयों के संचालन के लिए शिक्षकों और अन्य कर्मियों की नियुक्ति भी की जाएगी, जिससे शिक्षा क्षेत्र में नए अवसर पैदा होंगे।
हाईलाइट्स –
- राज्य के सभी प्रखंडों में खुलेंगे आदर्श विद्यालय ‘सरस्वती विद्या निकेतन’
- 1 जून 2026 से शुरू होगी आवेदन प्रक्रिया।
- 4 जून 2026 आवेदन की अंतिम तिथि निर्धारित।
- 5 से 7 जून तक आवेदनों की समीक्षा की जाएगी।
- 8 से 12 जून तक इंटरव्यू का आयोजन होगा।
- 13 जून 2026 को जारी होगी चयनित अभ्यर्थियों की सूची।
- योजना को सात निश्चय पार्ट-3 का हिस्सा बताया जा रहा है।
1 जून से शुरू होगी आवेदन प्रक्रिया
सरस्वती विद्या निकेतन में नियुक्ति के लिए आवेदन प्रक्रिया 1 जून 2026 से शुरू होगी। इच्छुक अभ्यर्थी 4 जून 2026 तक आवेदन जमा कर सकेंगे। आवेदन प्राप्त होने के बाद 5 जून से 7 जून तक उनकी समीक्षा और जांच की जाएगी। विभाग की ओर से चयन प्रक्रिया को पूरी तरह पारदर्शी और समयबद्ध रखने का दावा किया गया है। योग्य अभ्यर्थियों को अगले चरण के लिए चयनित किया जाएगा, ताकि विद्यालयों में जल्द से जल्द नियुक्तियां पूरी की जा सकें।
इंटरव्यू के बाद 13 जून को जारी होगी चयन सूची
आवेदन जांच पूरी होने के बाद 8 जून से 12 जून 2026 तक अभ्यर्थियों का इंटरव्यू आयोजित किया जाएगा। इंटरव्यू में प्रदर्शन और निर्धारित मानकों के आधार पर अंतिम चयन किया जाएगा। इसके बाद 13 जून 2026 को चयनित अभ्यर्थियों की सूची प्रकाशित की जाएगी। माना जा रहा है कि सभी प्रखंडों में आदर्श विद्यालय स्थापित होने से छात्रों को अपने क्षेत्र में ही बेहतर शिक्षा मिलेगी, वहीं युवाओं के लिए रोजगार के नए अवसर भी उपलब्ध होंगे। शिक्षा विशेषज्ञों का मानना है कि यह पहल राज्य की स्कूली शिक्षा व्यवस्था को नई दिशा देने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकती है।
इसे भी पढ़ें – अंतरराष्ट्रीय मंच पर सम्मानित हुए सांसद पप्पू यादव, मिला ‘पीस हीरो अवार्ड 2026’, काठमांडू से मिली वैश्विक पहचान
