न्यूज 11 भारत / पटना डेस्क : इस वर्ष श्रावणी मेला क्षेत्र (पूरे कांवरिया पथ) में कांवरियों के लिए मोबाइल नंबर वाले साइनेज लगाए जाएंगे। सुल्तानगंज में उद्घाटन के दिन बाबा अजगैबीनाथ मंदिर के निकट ड्रोन शो और लेजर शो श्रद्धालुओं के आकर्षण का मुख्य केंद्र होगा। इसके अलावा श्रावणी मेला के शुभारंभ और समापन के अवसर पर राष्ट्रीय स्तर के कलाकारों की प्रस्तुति होगी। ये बातें पर्यटन सचिव लोकेश कुमार सिंह ने शुक्रवार को श्रावणी मेला की तैयारियों को लेकर समीक्षा बैठक में कही।
कांवरिया पथ बनेगी टेंट सिटी
30 जुलाई से 28 अगस्त के बीच श्रावणी मेला का आयोजन होगा। लोकेश कुमार सिंह ने गंगा घाट के पास कांवरियों की सुरक्षा के लिए विशेष बैरिकेडिंग करने का निर्देश जारी किया है। साथ ही पथ पर समय से बालू बिछाने का कार्य, सुरक्षा हेतु पुलिस पेट्रोलिंग सुनिश्चित करने को कहा है। कांवरिया पथ में विभिन्न स्थानों पर टेंट सिटी का निर्माण किया जाएगा, जहां स्नानघर, शुद्ध पेयजल, शौचालय, निर्बाध बिजली जैसी सभी आवश्यक सुविधाओं को व्यवस्थित की जाए।
शिवमंत्रों की रहेगी गूंज
जीविका के सीइओ को निर्देशित करते हुए उन्होंने कहा कि दीदी की रसोई के लिए स्थान विभाग द्वारा दिया जाएगा, वहां स्वच्छ और सुरुचिपूर्ण भोजन की उपलब्धता सुनिश्चित करें, भोजन का रेट चार्ट भी जरूर प्रदर्शित किया जाए। इसके बाद उन्होंने कहा कि बाबा अजगैबीनाथ मंदिर, सुल्तानगंज से बिहार सीमा दुम्मा तक मेला पथ में जगह-जगह भव्य गेट, विशेष लाइटिंग, साज-सज्जा और शिवमंत्रों के जाप की ध्वनि की गूंज हो, इसे ध्यान में रखते हुए अजगैबीनाथ, सुल्तानगंज सहित सभी टेंट सिटी में व्यवस्थाएं हो रही है।
