टेंडर माफिया रिशुश्री के साथ कनेक्शन को लेकर आईएएस अधिकारियों से ईडी की पूछताछ का सिलसिला लगातार जारी है।
न्यूज11 भारत/बिहार डेस्क
अश्मित सिन्हा/पटना: बिहार के टेंडर घोटाले में ईडी की रडार पर राज्य के आईएएस अधिकारी हैं। इस कड़ी में टेंडर माफिया रिशुश्री के साथ कनेक्शन को लेकर आईएएस अधिकारियों से पूछताछ का सिलसिला लगातार जारी है।
मिली जानकारी के अनुसार ईडी ने बुधवार को 2013 बैच के आईएएस और बिहार राज्य पुल निर्माण निगम के अध्यक्ष धर्मेंद्र कुमार से पूछताछ की है। करीब 6 घंटे तक चली पूछताछ में कई अहम तथ्य सामने आए हैं।
खबर है कि पूछताछ में ठेकेदार रिशुश्री से उनके निजी एवं वित्तीय संबंधों को लेकर पूछताछ की गयी है। सूत्रों के मुताबिक धर्मेंद्र कुमार पर रिशुश्री के पैसे पर परिवार समेत विदेश यात्रा करने का आरोप सामने आया है।
ईडी सूत्रों के मुताबिक उन्हें दोबारा पूछताछ के लिए बुलाया जा सकता है। इनके खिलाफ टेंडर मैनेज करने का जो आरोप सामने आया है उसकी जांच की जा रही है।
सूत्रों से जानकारी मिली है कि ईडी आईएएस अधिकारी आनंद किशोर, संतोष मल्ल और योगेश सागर से भी पूछताछ करेगी।
बता दें कि ईडी ने पिछले दिनों अन्य आईएएस अधिकारियों से भी पूछताछ की है। मंगलवार को श्रम संसाधन विभाग के विशेष सचिव सुनील यादव से भी पूछताछ की गई थी। जबकि इससे पहले सोमवार को महिला आईएएस अभिलाषा शर्मा से पूछताछ हुई थी।
