केंद्रीय मंत्री और लोक जनशक्ति पार्टी (रामविलास) के राष्ट्रीय अध्यक्ष चिराग पासवान ने शनिवार को अपना जन्मदिन मनाया।
न्यूज11 भारत/पटना डेस्क: केंद्रीय मंत्री और लोक जनशक्ति पार्टी (रामविलास) के राष्ट्रीय अध्यक्ष चिराग पासवान ने शनिवार को अपना जन्मदिन मनाया। इस मौके पर वह पटना स्थित पार्टी कार्यालय पहुंचे, जहां पार्टी के नेताओं और कार्यकर्ताओं ने उनका जोरदार स्वागत किया और जन्मदिन की बधाई दी। चिराग पासवान ने हेलीकॉप्टर के आकार का केक काटकर जन्मदिन मनाया। इसके बाद उन्होंने पटना के खगौल स्थित महादेव मंदिर में पूजा-अर्चना कर भगवान शिव का आशीर्वाद लिया। जन्मदिन के इस खास मौके पर चिराग अपने पिता और दिवंगत नेता रामविलास पासवान को याद कर भावुक हो गए।
पिता रामविलास पासवान को याद कर छलका दर्द
अपने जन्मदिन के मौके पर चिराग पासवान ने पिता रामविलास पासवान को याद करते हुए कहा कि जीवन के इस पड़ाव पर उनकी कमी पहले से ज्यादा महसूस होती है। उन्होंने कहा कि बचपन में पिता के साथ जन्मदिन मनाने की यादें हर साल और गहरी होती जा रही हैं।
चिराग ने कहा कि पिछले कुछ वर्षों में पार्टी ने कई उतार-चढ़ाव देखे हैं। कार्यकर्ताओं ने खुशी और दुख दोनों के आंसू बहाए, लेकिन एक चीज ने सभी को हमेशा जोड़कर रखा और वह था उनके नेता का आशीर्वाद, मार्गदर्शन और उनके दिखाए रास्ते पर चलने का संकल्प।
उन्होंने कहा कि उनके पिता ने हमेशा सिखाया था कि विपरीत परिस्थितियों में जनता के बीच रहना चाहिए। आज पार्टी जिस मुकाम पर पहुंची है, उसमें उनके पिता का आशीर्वाद और मार्गदर्शन सबसे अहम है।
मुश्किल वक्त में मां और कार्यकर्ताओं ने दिया साथ
चिराग पासवान ने अपनी मां, परिवार और पार्टी के नेताओं एवं कार्यकर्ताओं का आभार जताया। उन्होंने कहा कि कठिन परिस्थितियों में उनकी मां शक्ति बनकर उनके साथ खड़ी रहीं। वहीं, पार्टी के कार्यकर्ताओं ने संगठन को मजबूत बनाने के लिए दिन-रात मेहनत की।
उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का भी विशेष तौर पर धन्यवाद किया। चिराग के मुताबिक, प्रधानमंत्री ने पत्र के माध्यम से पार्टी में उनके नेतृत्व और केंद्रीय मंत्रिमंडल में उनके काम के प्रति प्रतिबद्धता की सराहना करते हुए उन्हें आशीर्वाद दिया।
‘बिहार फर्स्ट, बिहारी फर्स्ट’ हमारी प्राथमिकता
जन्मदिन के अवसर पर चिराग पासवान ने कहा कि जन्मदिन केवल जश्न मनाने का दिन नहीं, बल्कि नए संकल्प और नई ऊर्जा के साथ आगे बढ़ने का अवसर भी है। उन्होंने दोहराया कि ‘बिहार फर्स्ट, बिहारी फर्स्ट’ उनकी सबसे बड़ी प्राथमिकता है।
उन्होंने केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह, रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह, बिहार के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी, उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, असम के मुख्यमंत्री हिमंत बिस्वा सरमा और महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस सहित कई नेताओं का आभार जताया।
चिराग ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का 2047 तक विकसित भारत बनाने का सपना तभी पूरा होगा, जब बिहार भी विकसित राज्यों की श्रेणी में आगे बढ़ेगा। इसके लिए विकसित बिहार का निर्माण जरूरी है।
‘भारत में अराजकता फैलाने की कोशिश नहीं होगी सफल’
इससे पहले शुक्रवार को भागलपुर पहुंचे चिराग पासवान ने विपक्ष पर निशाना साधते हुए देश में अराजकता का माहौल बनाने की कोशिश करने का आरोप लगाया था। उन्होंने कहा कि अपनी राजनीतिक महत्वाकांक्षाओं को पूरा करने के लिए देश में अस्थिरता फैलाने की कोशिश करने वाले लोग सावधान हो जाएं।
चिराग ने कहा कि भारत दुनिया का सबसे बड़ा लोकतंत्र है और देश की 140 करोड़ से अधिक जनता हर गतिविधि पर नजर रख रही है। उन्होंने कहा कि देश का सच्चा नागरिक भारत में अराजकता का माहौल कभी स्वीकार नहीं करेगा।
चिराग पासवान के जन्मदिन के मौके पर जहां एक ओर पिता रामविलास पासवान की यादों ने उन्हें भावुक किया, वहीं दूसरी ओर उन्होंने बिहार के विकास और देश को विकसित बनाने के संकल्प को दोहराया।
