Voice of Eastern India

थावे बाईपास चौक पर सड़क हादसों को रोकने की कवायद तेज, डीएम का निर्देश जारी



गोपालगंज में एनएच-27 के थावे बाईपास चौक पर लगातार हो रही सड़क दुर्घटनाओं को रोकने के लिए जिला प्रशासन ने पहल तेज कर दी है।

न्यूज11 भारत/बिहार डेस्क
नमो नारायण मिश्रा/गोपालगंज:
गोपालगंज में एनएच-27 के थावे बाईपास चौक पर लगातार हो रही सड़क दुर्घटनाओं को रोकने के लिए जिला प्रशासन ने पहल तेज कर दी है। कट और डायवर्सन की वजह से हो रहे हादसों को गंभीरता से लेते हुए जिलाधिकारी समीर सौरभ के निर्देश पर गठित तीन सदस्यीय टीम ने बुधवार को घटनास्थल का संयुक्त निरीक्षण किया। 

टीम में एसडीएम, ट्रैफिक डीएसपी और जिला परिवहन पदाधिकारी शामिल रहे। इस दौरान अधिकारियों ने चौक पर यातायात व्यवस्था, कट और डायवर्सन की स्थिति का जायजा लिया और दुर्घटनाओं के संभावित कारणों की पड़ताल की।

निरीक्षण के दौरान सड़क दुर्घटनाओं पर अंकुश लगाने के लिए जरूरी सुरक्षा इंतजामों पर भी चर्चा की गई। एसडीएम ने बताया कि डायवर्सन की वजह से सामने आ रही तकनीकी खामियों और त्रुटियों का आकलन किया जा रहा है। टीम अपनी विस्तृत रिपोर्ट जिलाधिकारी को सौंपेगी, जिसके आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। 

अधिकारियों ने सर्दी के मौसम में कोहरे से बढ़ने वाली दुर्घटनाओं की आशंका को देखते हुए भी विशेष तैयारी शुरू कर दी है। कोहरे के दौरान वाहन चालकों को सुरक्षित रास्ता दिखाने के लिए जरूरी तकनीकी इंतजाम और अन्य प्रभावी उपायों का आकलन किया जा रहा है। अब प्रशासन की इस कवायद से उम्मीद है कि थावे बाईपास चौक पर दुर्घटनाओं पर लगाम लगेगी और राहगीरों का सफर पहले से ज्यादा सुरक्षित हो सकेगा।





Source link

Leave A Reply

Your email address will not be published.