Voice of Eastern India

पटना में घर में घुसकर ड्राइवर को मारी गोली, दरवाजा खुलवाकर बदमाशों ने की फायरिंग 



पटना में अपराधियों ने घर में घुसकर एक ड्राइवर की गोली मारकर हत्या कर दी।

न्यूज11 भारत/बिहार डेस्क
अश्मित सिन्हा/पटना:
पटना में अपराधियों ने घर में घुसकर एक ड्राइवर की गोली मारकर हत्या कर दी। बाइक सवार अपराधियों ने घर में घुसकर सिर में गोली मारी है।

जानकारी के मुताबिक, मंगलवार रात करीब 11:30 बजे दो युवक घर पहुंचे और दरवाजा खुलवाया। जैसे ही दरवाजा खुला, तभी एक युवक ने ड्राइवर के सिर में गोली मार दी।

गोली लगते ही वह जमीन पर गिर पड़ा। इसके बाद दोनों अपराधी उसका मोबाइल लेकर मौके से फरार हो गए। घटना जिले के बिहटा थाना क्षेत्र के सिमरी गांव में हुई।

मृतक की पहचान इरफान इमाम उर्फ कल्लू (32) के रूप में हुई है। इरफान पिछले दो साल से सिमरी गांव में किराए के मकान में अपनी पत्नी और दो बच्चों के साथ रह रहा था। हालांकि वारदात के वक्त पत्नी घर में नहीं थी।

फायरिंग की आवाज सुनकर आसपास के लोग पहुंचे, लेकिन तब तक इरफान की मौत हो चुकी थी। 

घटना के समय इरफान की पत्नी नेहा प्रवीण अपने छोटे बेटे के साथ मायके गई थी। सिर्फ बड़ा बेटा था, जो सो रहा था। घटनास्थल से एक खोखा मिला है। सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची। हत्या की वजह अभी क्लियर नहीं है।

मृतक की पत्नी नेहा प्रवीण ने बताया कि एक महीने पहले भी मेरे पति पर हवाई फायरिंग हुई थी जब हम लोग भोजपुर जिला से बाइक से घर लौट रहे थे। उस वक्त गोली मेरे कान के बगल से गुजर गई थी। साजिश के तहत मारा गया है।

घटना की सूचना मिलने के बाद बिहटा थाना की पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने घटनास्थल को सील कर दिया है। मौके से एक खोखा भी बरामद किया गया है। साक्ष्य जुटाने के लिए FSL टीम को बुलाया गया है।
 





Source link

Leave A Reply

Your email address will not be published.