बिहार में शिक्षा विभाग ने शिक्षकों के स्थानांतरण की प्रक्रिया एक बार फिर शुरू करने का फैसला लिया है।
सांकेतिक तस्वीर
न्यूज11 भारत/बिहार डेस्क
पूजा शर्मा/पटना: बिहार के सरकारी विद्यालयों में कार्यरत शिक्षकों के लिए बड़ी खबर है। शिक्षा विभाग ने शिक्षकों के स्थानांतरण की प्रक्रिया एक बार फिर शुरू करने का फैसला लिया है। इसको लेकर विभाग ने संशोधित कार्यक्रम जारी कर दिया है। नए शेड्यूल के अनुसार, सामान्य स्थानांतरण के लिए ऑनलाइन आवेदन की प्रक्रिया 30 नवंबर से शुरू होगी, जो 7 दिसंबर तक चलेगी। इस दौरान शिक्षक अपनी पसंद और वरीयता के अनुसार विद्यालयों का विकल्प चुन सकेंगे।
शिक्षा विभाग की ओर से जारी कार्यक्रम के मुताबिक, सामान्य स्थानांतरण से जुड़ी पूरी प्रक्रिया 8 दिसंबर से 31 दिसंबर तक पूरी की जाएगी। इसमें स्थानांतरण सूची जारी करने, प्राप्त आपत्तियों और अपीलों पर सुनवाई करने के साथ उनका निष्पादन भी शामिल है।
पहले समायोजन और समानुपातीकरण की प्रक्रिया होगी पूरी
शिक्षा विभाग ने स्पष्ट किया है कि स्थानांतरण प्रक्रिया शुरू करने से पहले समायोजन एवं समानुपातीकरण का काम पूरा किया जाएगा। जिन 14 जिलों में यह प्रक्रिया अभी लंबित है, वहां 9 से 14 नवंबर तक जिला स्थापना समिति की बैठक आयोजित कर शिक्षकों की अंतिम सूची जारी की जाएगी।
इसके बाद 17 से 25 नवंबर तक प्रमंडल एवं राज्य स्थापना समिति के स्तर पर बैठक, सूची का प्रकाशन, अपील प्राप्त करने और उनके निष्पादन की प्रक्रिया पूरी की जाएगी।
पारस्परिक स्थानांतरण के लिए भी जारी हुआ शेड्यूल
स्थानांतरण प्रक्रिया के दूसरे चरण में पारस्परिक स्थानांतरण (म्यूचुअल ट्रांसफर) का काम पूरा किया जाएगा। इसके तहत जिन 14 जिलों में यह प्रक्रिया लंबित है, वहां 9 से 14 नवंबर तक जिला स्थापना समिति के माध्यम से पारस्परिक स्थानांतरण किया जाएगा।
वहीं, 17 से 25 नवंबर तक प्रमंडल एवं राज्य स्थापना समिति के स्तर पर इस प्रक्रिया को पूरा किया जाएगा।
27 नवंबर को जारी होगी विद्यालयवार रिक्तियों की सूची
तीसरे चरण में सामान्य स्थानांतरण की प्रक्रिया शुरू होगी। समायोजन एवं पारस्परिक स्थानांतरण की प्रक्रिया पूरी होने के बाद 27 नवंबर को विद्यालयवार संशोधित रिक्तियों की सूची जारी की जाएगी।
इसके बाद 30 नवंबर से 7 दिसंबर तक शिक्षक ऑनलाइन पोर्टल के माध्यम से अपनी पसंद और वरीयता के अनुसार विद्यालयों का चयन कर आवेदन कर सकेंगे।
31 दिसंबर तक पूरी होगी स्थानांतरण प्रक्रिया
शिक्षा विभाग के संशोधित शेड्यूल के अनुसार, 8 दिसंबर से 31 दिसंबर तक जिला, प्रमंडल और राज्य स्थापना समितियों के स्तर पर सामान्य स्थानांतरण से जुड़ी सभी प्रक्रियाएं पूरी की जाएंगी। इस दौरान स्थानांतरण सूची जारी करने, उस पर आपत्तियां एवं अपील प्राप्त करने और उनका निष्पादन करने का काम होगा।
इस नए कार्यक्रम से बिहार के सरकारी विद्यालयों में कार्यरत उन शिक्षकों को राहत मिलने की उम्मीद है, जो लंबे समय से अपने पसंदीदा विद्यालय या स्थान पर स्थानांतरण का इंतजार कर रहे हैं। अब शिक्षकों की नजर 30 नवंबर को खुलने वाले ऑनलाइन पोर्टल पर टिकी है।
