पुलिस अभिरक्षा में अनमोल की संदिग्ध मौत के बाद एसपी की बड़ी कार्रवाई, हाजत नियमों के उल्लंघन और लापरवाही की होगी जांच; विशेष टीम गठित
इन्द्रदेव/न्यूज़11 भारत
सहरसा/डेस्क: जिले के सौरबाजार थाना हाजत में पुलिस अभिरक्षा के दौरान 26 वर्षीय युवक अनमोल कुमार की संदिग्ध परिस्थिति में हुई मौत के मामले में सहरसा पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है. पुलिस अधीक्षक विक्रम सिहाग ने प्रथम दृष्टया लापरवाही और हाजत से संबंधित नियमों का पालन नहीं करने के आरोप में थानाध्यक्ष समेत पांच पुलिस पदाधिकारियों एवं कर्मियों को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है. वहीं, पूरे मामले की निष्पक्ष जांच के लिए विशेष टीम का गठन किया गया है.
सहरसा पुलिस की ओर से 24 नवंबर को जारी प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार, सौरबाजार थाना कांड संख्या 398/26 के आरोपी अनमोल कुमार ने सोमवार सुबह करीब 9 बजे शौचालय जाने के दौरान हाजत में फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली. प्रारंभिक जांच में उपलब्ध सीसीटीवी फुटेज में आरोपी को स्वयं हाजत में प्रवेश करते हुए देखा गया है. घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस ने उसे तत्काल सदर अस्पताल पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया.
मृतक की पहचान सौरबाजार थाना क्षेत्र के कचरा गांव वार्ड संख्या 9 निवासी विजय शर्मा के 26 वर्षीय पुत्र अनमोल शर्मा के रूप में हुई है. वह मजदूरी कर परिवार का भरण-पोषण करता था. उसकी शादी करीब एक वर्ष पूर्व हुई थी और पत्नी रीना छह महीने की गर्भवती है.
परिजनों के अनुसार, गांव की ही एक शादीशुदा महिला अनमोल के साथ चली गई थी. इस संबंध में महिला के पिता ने 21 नवंबर को सौरबाजार थाने में शिकायत दर्ज कराई थी. इसके बाद 22 नवंबर को अनमोल और महिला को पुलिस के हवाले कर दिया गया था.
घटना के बाद मृतक की मां सीता देवी और पत्नी रीना ने पुलिस पर गंभीर आरोप लगाए हैं. मां का कहना है कि घटना की सुबह करीब 8 बजे अनमोल ने फोन कर जल्द छुड़ाने की गुहार लगाई थी. परिजनों ने थाने के मुंशी पर अनमोल को छोड़ने के बदले 20 हजार रुपये मांगने का भी आरोप लगाया है. हालांकि, इन आरोपों की अभी पुष्टि नहीं हुई है.
वहीं, सदर एसडीपीओ पंकज कुमार सिंह ने बताया कि सीसीटीवी फुटेज में अनमोल को शौचालय में जाते और अंदर से कुंडी लगाते देखा गया है. पुलिस अधीक्षक विक्रम सिहाग ने भी रिश्वत मांगने के आरोपों की जांच कराने की बात कही है. उन्होंने स्पष्ट किया कि आरोप सही पाए जाने पर संबंधित लोगों के विरुद्ध कार्रवाई की जाएगी.
इधर, पुलिस ने बताया कि शव का पोस्टमार्टम राष्ट्रीय मानवाधिकार आयोग (NHRC) की गाइडलाइन के अनुसार मजिस्ट्रेट की उपस्थिति में कराया जा रहा है. मृत्यु समीक्षा प्रतिवेदन तैयार करने के साथ पोस्टमार्टम की पूरी प्रक्रिया की वीडियोग्राफी भी कराई जा रही है. विशेष जांच टीम अब पुलिस अभिरक्षा में हुई मौत, हाजत की सुरक्षा व्यवस्था और पुलिसकर्मियों की भूमिका की जांच करेगी.
