Voice of Eastern India

15 अगस्त को बदला रहेगा पटना का रूट, घर से निकलने से पहले देख लें रूट प्लान 


न्यूज 11 भारत / बिहार डेस्क 
पूजा शर्मा / पटना :  
स्वतंत्रता दिवस (15 अगस्त) पर गांधी मैदान में होने वाले मुख्य राजकीय समारोह को लेकर यातायात व्यवस्था बदली रहेगी। सुबह 7 बजे से समारोह समाप्त होने तक कई प्रमुख सड़कों पर सामान्य वाहनों का परिचालन बंद रहेगा। वहीं, कई मार्गों से वाहनों को वैकल्पिक रास्तों पर भेजा जाएगा।

ऐसे में गांधी मैदान, डाकबंगला, एक्जीविशन रोड, बुद्ध मार्ग और जेपी गोलंबर की तरफ जाने वाले लोग घर से निकलने से पहले इस रूट परिवर्तन को जरूर जान लें। यातायात पुलिस ने जनता से आवेदन किया है कि स्वतंत्रता दिवस समारोह के दौरान अनावश्यक रूप से गांधी मैदान के आसपास के मार्गों पर वाहन लेकर नहीं आएं और वैकल्पिक मार्गों का उपयोग करें।

पूरी तरह बंद रहेंगे ये रास्ते 

डाकबंगला चौराहा से गांधी मैदान तक सामान्य वाहनों का परिचालन पूरी तरह बंद रहेगा। मजहरूल हक पथ (फ्रेजर रोड) में डाकबंगला चौराहा से गांधी मैदान स्थित चिल्ड्रेन पार्क तक सामान्य वाहनों को जाने की अनुमति नहीं होगी। न्यू डाकबंगला रोड से एसपी वर्मा रोड की तरफ भी वाहनों की एंट्री बंद रहेगी।

इसके अलावा कोतवाली टी से पुलिस लाइन तक बुद्ध मार्ग में पूर्व की तरफ जाने वाले सभी रास्ते समारोह समाप्त होने तक आम वाहनों के लिए बंद रहेंगे। वोल्टास मोड़ से उत्तर की ओर जाने वाले वाहनों को विद्यापति व बुद्ध मार्ग होते हुए पुलिस लाइन तिराहा की ओर भेजा जाएगा। 

छज्जुबाग (एसडीओ आवास) से टीएन बनर्जी रोड (जेपी गोलंबर) की ओर वाहनों का प्रवेश प्रतिबंधित रहेगा। बुद्ध मार्ग में छज्जुबाग मोड़ से एसडीओ आवास की ओर भी वाहनों का परिचालन बंद रहेगा।

गांधी मैदान की तरफ केवल पासधारक वाहनों की एंट्री

जेपी गंगा पथ रैंप से एएन सिन्हा इंस्टीट्यूट और गांधी मैदान की ओर आने वाले फ्लैंक में केवल पासधारक वाहनों को जाने की अनुमति होगी। सामान्य वाहनों को आयुक्त कार्यालय के सामने से मरीन ड्राइव की ओर डायवर्ट किया जाएगा।

डाकबंगला से जेपी गोलंबर तक वीआईपी जोन

डाकबंगला चौराहा से जेपी गोलंबर (मौर्या होटल मोड़) तक फ्रेजर रोड का हिस्सा केवल राज्यपाल, मुख्यमंत्री व उप मुख्यमंत्री के कारकेड, उनके पारिवारिक वाहनों तथा रंगीन कार्डधारी अतिविशिष्ट एवं विशिष्ट अतिथियों के लिए आरक्षित रहेगा। सामान्य वाहनों को इस मार्ग पर प्रवेश नहीं मिलेगा।

पटना जंक्शन से आने वाले वाहन होंगे डायवर्ट

पटना जंक्शन से आने वाले सामान्य निजी वाहन फ्रेजर रोड होते हुए डाकबंगला चौराहा तक आ सकेंगे। इसके बाद गांधी मैदान की ओर जाने के बजाय डाकबंगला से पूर्व की ओर भट्टाचार्या चौक-पीरमुहानी होते हुए नाला रोड की ओर जाना होगा।

यदि कोई वाहन एक्जीविशन रोड पहुंच जाता है तो स्मार्ट बिग बाजार के सामने कटिंग से उसे वापस भट्टाचार्या चौक की ओर डायवर्ट किया जाएगा। मालवाहक एवं व्यावसायिक वाहन चिरैयाटाड़ दुर्गा मंदिर से गोरिया टोली की ओर नहीं जा सकेंगे।

मीठापुर जीओपीओ गोलंबर से बुद्ध मार्ग की ओर भी मालवाहक वाहनों का परिचालन प्रतिबंधित रहेगा। आर ब्लॉक से आयकर गोलंबर की ओर भी मालवाहक वाहन नहीं जा सकेंगे।

इसी प्रकार बेली रोड में डुमरा चौकी से भट्टाचार्या चौराहा तक मालवाहक वाहनों का प्रवेश बंद रहेगा। पुलिस लाइन तिराहा से व्यावसायिक वाहन गांधी मैदान की ओर पूर्व और बुद्ध मार्ग की ओर दक्षिण में नहीं जा सकेंगे। इन्हें वहीं से पश्चिम की ओर अशोक राजपथ पर डायवर्ट किया जाएगा।

इन रास्तों पार्किंग बंद 

समारोह के दौरान कई प्रमुख मार्गों पर पार्किंग प्रतिबंधित रहेगी। इनमें देशरत्न मार्ग में राजेंद्र चौक से मंडल गोलंबर, सर्कुलर रोड में मंडल गोलंबर से ललित भवन अंडरपास, बेली रोड में ललित भवन अंडरपास से डाकबंगला चौराहा और फ्रेजर रोड में डाकबंगला से जेपी गोलंबर होते हुए चिल्ड्रेन पार्क से कारगिल चौक तक का मार्ग शामिल है।

इन मार्गों पर लावारिस या अवैध रूप से खड़े वाहनों को क्रेन से हटाया जाएगा। आमंत्रित अतिथियों के वाहन चालक पार्किंग के बाद वाहन छोड़कर अन्यत्र नहीं जाएंगे और सुरक्षा जांच के लिए वाहन के पास रहेंगे।

ऑटो, सिटी बस व ई-रिक्शा का भी रूट परिवर्तन 

पटना जंक्शन से गांधी मैदान की ओर जाने वाले ऑटो को डाकबंगला चौराहा से न्यू डाकबंगला रोड, भट्टाचार्या होते हुए एक्जीविशन रोड में स्मार्ट बिग बाजार के सामने तक जाने दिया जाएगा। वहां से वाहन वापस भट्टाचार्या चौराहा, भट्टाचार्या मोड़, सीडीए बिल्डिंग गोलंबर, गोरियाटोली होते हुए पटना जंक्शन जाएंगे।

एक्जीविशन रोड में स्मार्ट बिग बाजार से उत्तर की ओर गांधी मैदान तथा गोरियाटोली से गांधी मैदान की ओर व्यावसायिक वाहनों का प्रवेश बंद रहेगा। इंजीनियरिंग कॉलेज से चलने वाली नगर व सिटी राइड सेवा की बसें गांधी चौराहा-मछुऑटोली-दरियापुर तिराहा से नाला रोड, पीरमुहानी, सीडीए बिल्डिंग गोलंबर और गोरियाटोली होते हुए पटना जंक्शन जाएंगी। वापसी में भी यही मार्ग होगा।

पटना सिटी की ओर से आने वाले ऑटो और ई-रिक्शा मुसल्लहपुर हाट होते हुए बारी पथ में खजांची रोड दक्षिणी तक आएंगे। वापसी में खजांची रोड दक्षिण से खजांची रोड उत्तरी होते हुए अशोक राजपथ पर पहुंचकर गायघाट की ओर जाएंगे।
 



Source link

Leave A Reply

Your email address will not be published.