Voice of Eastern India

नवादा में गैस टैंकर से शराब तस्करी, 261 लीटर विदेशी शराब के साथ ड्राइवर गिरफ्तार


न्यूज 11 भारत / पटना डेस्क: बिहार के नवादा जिले में शराब तस्करी के एक नए तरीके का भंडाफोड़ किया गया है। तस्कर गैस टैंकर के केबिन को तहखाने के रूप में इस्तेमाल कर भारी मात्रा में विदेशी शराब ले जा रहे थे। विभाग की टीम ने इस प्रयास को विफल करते हुए 261.920 लीटर विदेशी शराब और बीयर बरामद की है। 

गुप्त सूचना पर नाकाबंदी 

उत्पाद टीम संख्या-3 को देर रात गुप्त सूचना मिली थी कि एक टाटा एलपीजी गैस टैंकर रजौली के रास्ते नवादा के अकौना बाजार की ओर आ रहा है, जिसके केबिन में विदेशी शराब छिपाई गई है। सूचना के आधार पर टीम ने नेमदारगंज थाना क्षेत्र के पंचगावा के पास नाकाबंदी की। रजौली की ओर से आ रहे टैंकर को रोककर तलाशी ली गई। केबिन में कपड़ों से ढककर रखी गई 261.920 लीटर विदेशी शराब और बीयर बरामद हुई। जब्त की गई शराब पश्चिम बंगाल में निर्मित थी।

टैंकर चालक गिरफ्तार 

मौके से टैंकर चालक मंतोष कुमार को गिरफ्तार कर लिया गया। वह पिपरा, थाना थाली, जिला नवादा का निवासी है। पूछताछ में मंतोष ने बताया कि यह शराब अकौना निवासी गुड्डू कुमार की है और उसे गुड्डू के निर्देश पर अकौना बाजार के पास उतारने ले जाया जा रहा था।

पुराना अपराधी है गुड्डू

उत्पाद विभाग के अनुसार, गुड्डू कुमार एक आदतन अपराधी है। इससे पहले भी विभाग ने 1 दिसंबर 2025 को तीन गैस टैंकरों से 211.50 लीटर और 2 मार्च 2026 को दो गैस टैंकरों से 457.50 लीटर विदेशी शराब बरामद की थी। इन दोनों मामलों में भी गुड्डू कुमार ही मुख्य आरोपी था। जब्त किए गए गैस टैंकर को रजौली चेक पोस्ट पर रखा गया है। टैंकर के कागजात के मुताबिक, यह दुर्गापुर (पश्चिम बंगाल) से पोखरा (नेपाल) जा रहा था, लेकिन नवादा में इसे अनलोड करने की योजना थी। इस सफल अभियान का नेतृत्व उत्पाद निरीक्षक न्यूटन अवर ने किया।



Source link

Leave A Reply

Your email address will not be published.