Voice of Eastern India

लाखों का दहेज कम पड़ा तो जान ही ले ली! दानापुर में ससुराल वालों ने ढाई साल की बच्ची की मां को पीट-पीटकर मार डाला


न्यूज 11 भारत / बिहार डेस्क( राजू राज, दानापुर) पटना के दानापुर इलाके से रिश्तों को शर्मसार कर देने वाली एक बेहद खौफनाक वारदात सामने आई है। यहां आरके पुरम स्थित शत्रुघ्न कॉम्प्लेक्स के एक फ्लैट में रहने वाली 27 वर्षीय रूबी सिंह की दहेज के लिए बेरहमी से हत्या कर दी गई। रूबी पिछले चार दिनों से अस्पताल में जिंदगी और मौत के बीच जंग लड़ रही थी, लेकिन शुक्रवार की देर रात उसने दम तोड़ दिया। इस दर्दनाक घटना के बाद से मृतका के ढाई साल के मासूम बच्चे के सिर से मां का साया हमेशा के लिए उठ गया है।

पूर्व सैनिक और सैफ जवान ससुर के पूरे परिवार पर हत्या का आरोप

मूल रूप से सीतामढ़ी के बासबट्टी गांव की रहने वाली रूबी की शादी 4 मई 2022 को भोजपुर के उदवंतनगर निवासी शशि शेखर सिंह उर्फ मुन्ना सिंह से हुई थी। मृतका के पिता राजेश सिंह ने थाने में लिखित शिकायत दर्ज कराई है। उन्होंने रूबी के पति, ससुर नवल किशोर सिंह (जो पूर्व सैनिक हैं और वर्तमान में सैफ जवान हैं), सास कौशल्या देवी और ननद सोनम कुमारी पर दहेज के लिए लगातार प्रताड़ित करने और मारपीट कर हत्या करने का सीधा आरोप लगाया है।

‘शादी का बहाना’ बनाकर मायके से विदा कराया और 4 दिन बाद ही कर दिया कांड

पिता के मुताबिक, ससुराल वालों के जुल्म से तंग आकर वे साल 2025 में ही अपनी बेटी को मायके ले आए थे। लेकिन इसी महीने 5 जून 2026 को दामाद और समधी ने गांव में एक शादी का हवाला देकर रूबी को वापस भेजने की मिन्नतें कीं, जिसके बाद पिता खुद उसे दानापुर छोड़ गए। किसी को अंदाजा नहीं था कि यह रूबी की आखिरी विदाई साबित होगी। विदा होने के महज चार दिन बाद ही, 9 जून को दामाद ने फोन कर बताया कि रूबी की तबीयत खराब है और वह अस्पताल में है।

फांसी लगाकर मारने की कोशिश, अस्पताल में तड़पता छोड़ भागे ससुराल वाले

परिजनों का आरोप है कि जब वे सगुना मोड़ स्थित निजी अस्पताल पहुंचे, तो वहां ससुराल पक्ष का एक भी सदस्य मौजूद नहीं था। आसपास के लोगों से पता चला कि रूबी को बेरहमी से पीटने के बाद उसे फांसी लगाकर मारने की कोशिश की गई थी। जब शोर मचा और लोग जुटने लगे, तो पकड़े जाने के डर से ससुराल वाले रूबी को अधमरी हालत में अस्पताल में भर्ती कराकर वहां से रफूचक्कर हो गए।

सास सलाखों के पीछे, सबूत जुटाने पहुंची FSL की टीम

दानापुर के थानाध्यक्ष प्रशांत कुमार भारद्वाज ने बताया कि मृतका के पिता के आवेदन पर केस दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी सास कौशल्या देवी को पहले ही गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। घटना की गंभीरता को देखते हुए फॉरेंसिक साइंस लेबोरेटरी (FSL) की टीम ने भी फ्लैट संख्या 302 का दौरा किया है और घटनास्थल से महत्वपूर्ण वैज्ञानिक साक्ष्य व नमूने एकत्र किए हैं। पुलिस बाकी फरार आरोपियों की तलाश में छापेमारी कर रही है।



Source link

Leave A Reply

Your email address will not be published.