न्यूज 11 भारत / पटना डेस्क: राजस्व एवं भूमि सुधार मंत्री डॉ. दिलीप कुमार जायसवाल ने विभाग के अधिकारियों को चेतावनी दी है कि 11 जून से शुरू हो रहे विशेष शिविर को महज औपचारिता न समझें। इसके लिए निर्धारित लक्ष्य को पूरा करना अंचल और राजस्व पदाधिकारियों की व्यक्तिगत जिम्मेवारी है। लक्ष्य प्राप्त करने में पिछड़ गए अधिकारियों पर दंडात्मक कार्रवाई होगी। डॉ. जायसवाल बुधवार को यहां संवाददाताओं से बातचीत कर रहे थे।
17 जून तक रहेगा विशेष शिविर
उन्होंने बताया कि राजस्व महा-अभियान के दौरान प्राप्त आवेदनों के निष्पादन के लिए राज्य के सभी अंचलों में 11 से 17 जून तक विशेष शिविर लगाया जा रहा है। रविवार के दिन भी इसका आयोजन होगा।
स्कैनिंग करके अपलोड होंगे आवेदन
मंत्री ने कहा कि विशेष शिविर के में महा-अभियान के दौरान प्राप्त सभी आवेदनों की शत-प्रतिशत स्कैनिंग की जाएगी। सभी आवेदनों को संबंधित पोर्टलों पर शत-प्रतिशत अपलोड किया जाएगा। तीसरे चरण में आवेदनों का यथासंभव त्वरित निष्पादन सुनिश्चित किया जाएगा।
जिलों में अमीनों से ली जाएगी मदद
डॉ. जायसवाल ने कहा कि अभियान को सफल बनाने के लिए राज्य के अधिकांश जिलों में कार्यरत विशेष सर्वेक्षण अमीनों की सेवाएं भी ली जाएंगी। शिवहर, शेखपुरा, लखीसराय, जहानाबाद और अरवल को छोड़कर शेष जिलों के विशेष सर्वेक्षण अमीनों को इसमें लगाया जाएगा।
