Voice of Eastern India

पचलख में 175 करोड़ की लागत से बनेगा अत्याधुनिक टेक्नोलॉजी सेंटर


न्यूज 11 भारत / बिहार डेस्क

अभिषेक राज / गयाजी –  गया जिले के खिजरसराय प्रखंड अंतर्गत पचलख गांव में प्रस्तावित अत्याधुनिक टेक्नोलॉजी सेंटर के भूमि पूजन एवं जनसभा को लेकर तैयारियां अंतिम चरण में पहुंच गई हैं। मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी के प्रस्तावित आगमन को देखते हुए प्रशासनिक एवं राजनीतिक स्तर पर व्यापक तैयारियां की जा रही हैं। जिला पदाधिकारी शशांक शुभंकर सहित विभिन्न विभागों के अधिकारियों एवं एनडीए घटक दल के नेताओं ने सभा स्थल का निरीक्षण कर तैयारियों का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने कार्यक्रम को सफल, सुरक्षित एवं सुव्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश भी जारी किए। कार्यक्रम स्थल पर मंच निर्माण, यातायात व्यवस्था, पेयजल, चिकित्सा सुविधा तथा अन्य मूलभूत व्यवस्थाओं को अंतिम रूप दिया जा रहा है। प्रशासन का प्रयास है कि मुख्यमंत्री के दौरे के दौरान किसी प्रकार की असुविधा न हो और कार्यक्रम सफलतापूर्वक संपन्न हो सके।

175 करोड़ की परियोजना से युवाओं को मिलेगा नया अवसर

केंद्रीय सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्यम (एमएसएमई) मंत्रालय के तहत लगभग 175 करोड़ रुपये की लागत से इस अत्याधुनिक टेक्नोलॉजी सेंटर का निर्माण कराया जा रहा है। परियोजना के अंतर्गत बाउंड्री वॉल का निर्माण कार्य पहले ही पूरा हो चुका है, जबकि लगभग 88 करोड़ रुपये की लागत से मुख्य भवन का निर्माण किया जाएगा। यह सेंटर क्षेत्र के युवाओं के लिए कौशल विकास और तकनीकी शिक्षा का प्रमुख केंद्र बनेगा। जानकारी के अनुसार यहां प्रतिवर्ष करीब एक हजार छात्रों को आधुनिक तकनीकी प्रशिक्षण प्रदान किया जाएगा। प्रशिक्षण प्राप्त करने वाले युवा स्वरोजगार स्थापित करने के साथ-साथ विभिन्न औद्योगिक एवं तकनीकी संस्थानों में रोजगार के अवसर भी प्राप्त कर सकेंगे। विशेषज्ञों का मानना है कि यह केंद्र स्थानीय युवाओं को उद्योगों की आवश्यकताओं के अनुरूप प्रशिक्षित कर आत्मनिर्भर बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।

मगध क्षेत्र के विकास को मिलेगी नई गति

स्थानीय लोगों और जनप्रतिनिधियों का मानना है कि टेक्नोलॉजी सेंटर की स्थापना से गया सहित पूरे मगध क्षेत्र के औद्योगिक एवं आर्थिक विकास को नई दिशा मिलेगी। इससे क्षेत्र में कौशल विकास को बढ़ावा मिलेगा तथा रोजगार के नए अवसर सृजित होंगे। मुख्यमंत्री के कार्यक्रम को देखते हुए सुरक्षा के भी व्यापक इंतजाम किए गए हैं। प्रशासन द्वारा दो हेलिपैड का निर्माण कराया गया है तथा सभा स्थल पर सुरक्षा बलों की विशेष तैनाती की जा रही है। बड़ी संख्या में लोगों के कार्यक्रम में शामिल होने की संभावना को देखते हुए यातायात और भीड़ प्रबंधन की विशेष व्यवस्था की गई है। भूमि पूजन के बाद मुख्यमंत्री जनसभा को संबोधित करेंगे, जिसमें विकास योजनाओं और क्षेत्र की प्रगति से जुड़े कई महत्वपूर्ण संदेश दिए जाने की संभावना है। इस महत्वाकांक्षी परियोजना को क्षेत्र के युवाओं के भविष्य और मगध के विकास की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।



Source link

Leave A Reply

Your email address will not be published.