Voice of Eastern India

बिहार में अगले 4 दिन भारी, 16 से 19 जून तक आंधी-बारिश का महा-अलर्ट, 19 जिलों की सूची जारी


न्यूज 11 भारत / बिहार डेस्क: बिहार में मानसून के पूरी तरह सक्रिय होते ही मौसम का मिजाज तेजी से बदलने लगा है। पटना मौसम विज्ञान केंद्र ने 16 जून से 19 जून तक के लिए राज्य का ताजा मौसम पूर्वानुमान जारी किया है। इसके मुताबिक, अगले चार दिनों के दौरान प्रदेश के अलग-अलग हिस्सों में तेज हवाओं के साथ मूसलाधार बारिश, आंधी और बिजली गिरने (वज्रपात) की प्रबल आशंका है। मौसम विभाग ने स्थिति की गंभीरता को देखते हुए कई जिलों के लिए ‘ऑरेंज’ और ‘येलो’ अलर्ट जारी कर आम लोगों और किसानों को विशेष सावधानी बरतने को कहा है।

16 जून: इन 19 जिलों में आंधी-तूफान का सबसे ज्यादा खतरा

मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार, 16 जून को राज्य के 19 जिलों में मौसम का सबसे उग्र रूप देखने को मिल सकता है। सीतामढ़ी, शिवहर, मुजफ्फरपुर, वैशाली, दरभंगा, मधुबनी, समस्तीपुर, सहरसा, मधेपुरा, सुपौल, अररिया, पूर्णिया, कटिहार और किशनगंज समेत कुल 19 जिलों के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। इन इलाकों में 50 से 60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से विनाशकारी हवाएं चल सकती हैं।

इसके साथ ही, पश्चिम चंपारण, पूर्वी चंपारण, गोपालगंज, सीवान, सारण, मुंगेर, भागलपुर, बांका, जमुई और खगड़िया में येलो अलर्ट रहेगा। राहत की बात यह है कि पटना, गया, नालंदा, भोजपुर, बक्सर, रोहतास और औरंगाबाद सहित दक्षिण बिहार के जिलों में फिलहाल कोई चेतावनी नहीं है।

17 जून: पटना समेत अधिकांश हिस्सों में छाएंगे बादल, येलो अलर्ट जारी

परसों यानी 17 जून को मानसून का दायरा और बढ़ेगा। विभाग ने इस दिन पटना, मुजफ्फरपुर, वैशाली, समस्तीपुर, दरभंगा, मधुबनी, सीतामढ़ी, शिवहर, गोपालगंज, सीवान, सारण, बक्सर, भोजपुर, रोहतास, कैमूर, औरंगाबाद और पश्चिम चंपारण के लिए येलो अलर्ट जारी किया है। इन क्षेत्रों में 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की गति से हवाएं चलेंगी और हल्की से मध्यम स्तर की बारिश दर्ज की जा सकती है। हालांकि बेगूसराय, लखीसराय, शेखपुरा, नालंदा, गया, नवादा, जमुई, बांका, भागलपुर और मुंगेर में मौसम सामान्य रहने की उम्मीद है।

18 जून: उत्तर और पूर्वी बिहार के जिलों में थमेगी नहीं रफ्तार

18 जून को मानसून का असर मुख्य रूप से उत्तर और पूर्वी बिहार के इलाकों पर केंद्रित रहेगा। मौसम विभाग ने सीतामढ़ी, शिवहर, मुजफ्फरपुर, वैशाली, समस्तीपुर, दरभंगा, मधुबनी, सुपौल, सहरसा, मधेपुरा, अररिया, पूर्णिया, कटिहार, किशनगंज, खगड़िया, मुंगेर, भागलपुर, बांका और जमुई में येलो अलर्ट बरकरार रखा है। इस दौरान दक्षिण-पश्चिम बिहार के जिलों (जैसे पटना, गया, नालंदा, रोहतास) में मौसम साफ या सामान्य रहने की संभावना है।

खराब मौसम में क्या करें और क्या न करें: मौसम विभाग की गाइडलाइन

मौसम विशेषज्ञों की विशेष सलाह “जिन जिलों में अलर्ट जारी किया गया है, वहां के निवासी खराब मौसम के दौरान खुले मैदानों, खेतों या बाग-बगीचों में जाने से पूरी तरह बचें। वज्रपात (आकाशीय बिजली) के समय ऊंचे पेड़ों, लोहे के खंभों और जलजमाव वाले स्थानों से दूर हट जाएं। किसान भाई भी आसमान में काले बादल छाने या बिजली कड़कने पर खेती का काम तुरंत रोककर सुरक्षित पक्के मकानों की शरण लें।”



Source link

Leave A Reply

Your email address will not be published.