खान सर की बढ़ेगी मुश्किलें? प्रिंस यादव मौत मामले में कूदे तेज प्रताप यादव, मांगे सबूतों के साथ जवाब
न्यूज 11 भारत / बिहार डेस्क: बिहार के चर्चित ज्ञान बिंदु कोचिंग इंस्टीट्यूट के निदेशक रौशन आनंद के भाई प्रिंस यादव की नेपाल में हुई संदिग्ध मौत ने अब राजनीतिक तूल पकड़ लिया है। इस पूरे मामले में जनशक्ति जनता दल के राष्ट्रीय अध्यक्ष और पूर्व मंत्री तेज प्रताप यादव की एंट्री हो गई है। तेज प्रताप ने मशहूर शिक्षक फैजल खान (खान सर) पर सीधे हमले बोलते हुए उनकी तुरंत गिरफ्तारी की मांग कर दी है।
“खान सर को जेल भेजो”– तेज प्रताप ने युवाओं से की घेराव की अपील
प्रिंस यादव की मौत पर गहरा दुख जताते हुए तेज प्रताप यादव ने कहा कि भाई के खोने का गम क्या होता है, यह कोई भी समझ सकता है। उन्होंने साफ शब्दों में कहा, “फैजल खान सर को तुरंत जेल भेजा जाना चाहिए।” इतना ही नहीं, पूर्व मंत्री ने युवाओं और जनता से अपील की है कि जब तक खान सर की गिरफ्तारी नहीं होती, तब तक सरकार और खान सर दोनों का पुरजोर घेराव किया जाए।
“मेरे पास हैं फोटो-वीडियो प्रूफ”– खान सर की भूमिका की जांच पर अड़े पूर्व मंत्री
तेज प्रताप यादव ने दावा किया है कि इस संदिग्ध मौत के पीछे खान सर की भूमिका की गहराई से जांच होनी चाहिए। अपने पुराने बयानों पर कायम रहते हुए उन्होंने कहा, “खान सर के कनेक्शन कहां-कहां और किससे हैं, यह सब मुझे अच्छी तरह पता है। मेरे पास इसके पुख्ता फोटो और वीडियो सबूत मौजूद हैं।” उन्होंने इस मुद्दे को सोशल मीडिया पर भी प्रमुखता से उठाने की बात दोहराई।
सुरक्षा त्यागने पर बोले तेज प्रताप– “मुझ पर हमला हुआ तो सम्राट चौधरी होंगे जिम्मेदार”
खान सर विवाद के बीच तेज प्रताप यादव ने सरकार द्वारा मिली अपनी ‘वाई प्लस’ (Y+) सुरक्षा वापस लौटाने पर भी बड़ा बयान दिया। उन्होंने कहा कि उन्होंने अपनी मर्जी से सुरक्षा छोड़ी है और अब आगे की जिम्मेदारी सरकार की है। तेज प्रताप ने चेतावनी भरे लहजे में कहा, “अगर मुझ पर कोई हमला होता है या मेरी जान को खतरा होता है, तो इसके सीधे जिम्मेदार सिर्फ और सिर्फ सम्राट चौधरी होंगे।” उन्होंने आगे जोड़ा कि उन्हें खुद की सुरक्षा की चिंता नहीं है, बल्कि राज्य की बहू-बेटियां सुरक्षित रहें, वही उनकी असली सुरक्षा है।
