न्यूज 11 भारत / पटना डेस्क : भोजपुर जिले के उदवंतनगर प्रखंड अंतर्गत कारीसाथ गांव स्थित वाणासुर मत्स्य बीज प्रक्षेत्र में प्रधानमंत्री मत्स्य संपदा योजना के तहत मसाढ़ में बनने वाले एक्वा पार्क का शिलान्यास आज मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी करेंगे।
जिले में 109 स्थानों पर पुलिस की तैनाती
मुख्यमंत्री तीन बजे कार्यक्रम स्थल पर पहुंचेंगे और करीब एक घंटे यहां रहेंगे। सीएम के आगमन को लेकर जिले में कुल 109 स्थानों पर पुलिस बल एवं दंडाधिकारियों की प्रतिनियुक्ति की गई है। इस संबंध में डीएम तनय सुल्तानिया एवं एसपी राज द्वारा आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए गए हैं। यातायात व्यवस्था की संपूर्ण जिम्मेदारी जिला परिवहन पदाधिकारी एवं ट्रैफिक डीएसपी को दी गई है। कार्यक्रम स्थल पर हेलीपैड का निर्माण भी कराया गया है।
डीएम ने की समीक्षा बैठक
मुख्यमंत्री के आगमन की तैयारियों को लेकर जिलाधिकारी तनय सुल्तानिया ने नवादावेन स्थित बाणासुर मत्स्य बीज प्रक्षेत्र के सभा स्थल पर पदाधिकारियों संग समीक्षा बैठक की। अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। जिलाधिकारी स्वयं तैयारियों की मानिटरिंग कर रहे हैं।
धर्मावती नदी पर बने पुल का उद्घाटन आज
शाहपुर प्रखंड के सहजौली एवं हिरखी पिपरा गांव के बीच धर्मावती नदी पर नवनिर्मित पुल का उद्घाटन भी आज किया जाएगा। बता दें कि इस पुल का निर्माण पूर्व विधायक राहुल तिवारी उर्फ मंटू तिवारी के विधायक निधि कोष से शुरू हुआ था। लगभग 15 लाख रुपये की लागत से निर्मित यह पुल क्षेत्र के लोगों के लिए आवागमन की बड़ी सुविधा लेकर आया है।
डेढ़ लाख से अधिक आबादी को लाभ
स्थानीय लोगों के अनुसार पुल के निर्माण से आसपास के दर्जनों गांवों की करीब डेढ़ लाख से अधिक आबादी को सीधा लाभ मिलेगा। बरसात के दिनों में धर्मावती नदी पार करने में लोगों को काफी परेशानी होती थी।जिससे शिक्षा, स्वास्थ्य और व्यापारिक गतिविधियां प्रभावित होती थीं। पुल बनने से इन समस्याओं का काफी हद तक समाधान हो जाएगा। इस पुल के शुरू होने के बाद क्षेत्र के प्रमुख मत्स्य उत्पादन केंद्र सुहियां भागड़ तक पहुंचने की दूरी लगभग 15 किलोमीटर से घटकर मात्र छह किलोमीटर रह जाएगी।
