Voice of Eastern India

बिहार में बदला मौसम का मिजाज, 27 जिलों में आंधी-बारिश का अलर्ट, ठनका गिरने की भी चेतावनी


न्यूज 11 भारत / पटना डेस्क : बिहार में पिछले कई दिनों से पड़ रही उमस भरी गर्मी से लोग परेशान हैं। मौसम विज्ञान केंद्र ने आज यानी शनिवार को राज्य के 27 जिलों में आंधी-बारिश का अलर्ट जारी किया है। जिसके तहत 12 जिलों में ऑरेंज और 15 में यलो अलर्ट है। इन जिलों में 60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवा चल सकती है। वहीं, आकाशीय बिजली गिरने की भी आशंका है। बेगूसराय में लोगों को गर्मी से राहत मिली है। सुबह-सुबह बारिश हुई है। आसमान में बादल छाए हैं। मुंगेर में भी तेज बारिश हो रही है। खगड़िया में आसमान में बादल छाए हैं। ठंडी हवा चल रही है।

निम्न दबाव और नमी ने बदला मौसम 

पिछले कुछ दिनों से प्रदेश के अधिकतर हिस्सों में गर्मी और लू जैसे हालात बने है। पूर्वी बिहार और उत्तर बिहार के कई जिलों में नमी वाली हवा चल रही है। इसके साथ ही स्थानीय स्तर पर बने निम्न दबाव और वातावरण में बढ़ी नमी के कारण बादल बन रहे हैं और बारिश भी हो रही है। वहीं, दक्षिण और पश्चिम बिहार में गर्मी का असर देखने को मिल रहा है। मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार, यह मानसून से पहले की गतिविधियों का प्रभाव है, जिसके कारण मौसम में अचानक बदलाव देखने को मिल रहा है।

बिहार में मानसून कब पहुंचेगा

दक्षिण-पश्चिम मानसून ने केरलम में दस्तक दे दी है। अब यह धीरे-धीरे देश के अन्य हिस्सों की ओर बढ़ रहा है। मौसम विशेषज्ञों का मानना है कि अगर इसकी प्रगति सामान्य रही तो अगले एक से दो सप्ताह के अंदर बिहार में भी मानसून की एंट्री हो सकती है। आमतौर पर बिहार में मानसून जून के दूसरे पखवाड़े में सक्रिय होता है।

पटना में आज हल्की बारिश की चेतावनी

पटना में शनिवार को बादल छाए रहने और कहीं-कहीं हल्की बारिश की संभावना है। अधिकतम तापमान करीब 37 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 29 डिग्री सेल्सियस के आसपास रह सकता है। बारिश होने से लोगों को उमस भरी गर्मी से थोड़ी राहत मिल सकती है।

आने वाले दिनों में कैसा रहेगा मौसम

मौसम विभाग के अनुसार, अगले कुछ दिनों तक बिहार के कई हिस्सों में तेज आंधी के साथ बारिश हो सकती है। हालांकि राज्य के दक्षिण-पश्चिम और कुछ मध्य जिलों में गर्मी और उमस बनी रह सकती है। मानसून के आगे बढ़ने के साथ बारिश की गतिविधियां और बढ़ने की संभावना है।



Source link

Leave A Reply

Your email address will not be published.