न्यूज 11 भारत / पटना डेस्क: RJD सुप्रीमो लालू प्रसाद यादव आज सिंगापुर के लिए रवाना होंगे। लालू यादव अपने पोस्ट ट्रांसप्लांट रूटीन मेडिकल चेकअप के लिए जा रहे हैं। दिल्ली की अदालत से विदेश यात्रा की अनुमति मिलने के बाद उनके दौरे का रास्ता साफ हो गया है। लालू यादव लंबे समय से स्वास्थ्य संबंधी परेशानियों से जूझ रहे हैं।
तेजस्वी यादव ने दी स्वास्थ्य संबंधी जानकारी
नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव ने लालू यादव के सिंगापुर दौरे को लेकर दिल्ली में जानकारी दी थी। उन्होंने कहा था, पिताजी का किडनी ट्रांसप्लांट हुआ था। डॉक्टरों ने हर तीन महीने पर रूटीन चेकअप की सलाह दी थी, लेकिन पिछले करीब एक साल से नियमित जांच नहीं हो पाई थी। इसी कारण अब उन्हें फिर से सिंगापुर जाना पड़ रहा है। तेजस्वी ने आगे कहा कि पिताजी के आंख का ऑपरेशन भी हुआ था और अभी भी उन्हें आंखों से जुड़ी परेशानी बनी हुई है। 29 तारीख को अदालत से अनुमति मिल गई है। अब पिता जी सिंगापुर जाकर अपना मेडिकल चेकअप कराएंगे। परिवार और पार्टी के नेता लगातार उनकी सेहत पर नजर बनाए हुए हैं।
अदालत से पासपोर्ट रिलीज करने का आदेश
सीबीआई के विशेष न्यायाधीश एके तिवारी की अदालत ने लालू प्रसाद यादव को पासपोर्ट रिलीज करने की अनुमति दी है। अदालत ने यह आदेश उनके आवेदन पर सुनवाई के बाद दिया है। लालू यादव ने अदालत में याचिका दायर कर कहा था कि उन्हें नियमित स्वास्थ्य जांच के लिए सिंगापुर जाना है, इसलिए उनका पासपोर्ट वापस किया जाए। सुनवाई के दौरान अदालत को बताया गया कि यह यात्रा पूरी तरह मेडिकल जरूरतों से जुड़ी है। इसके बाद अदालत ने विदेश यात्रा की अनुमति देते हुए पासपोर्ट रिलीज करने का आदेश जारी कर दिया।
