न्यूज 11 भारत / पटना डेस्क : पटना में अपराधियों ने सोने की चेन छीनने का विरोध करने पर एक युवक को गोली मार दी। घटना बुधवार सुबह धनरूआ थाना क्षेत्र के दरधा पुल के पास की है। पैर में गोली लगने से घायल युवक को आसपास के लोगों ने फौरन प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया। घायल युवक की पहचान अरवल जिले के किंजर थाना क्षेत्र निवासी गोप कुमार (30) के रूप में हुई है।
सोने की चेन छीनने का विरोध करने पर मारी गोली
मिली जानकारी के अनुसार ‘घायल गोप कुमार पटना में सब्जी बेचने का काम किया करता है। बुधवार की सुबह वह एक ऑटो से अरवल से पटना जा रहा था। जब वह दरधा पुल के नजदीक पहुंचा तो एक बाइक पर दो अपराधी आए और चेन छीनने का प्रयास करने लगे। जब उन्होंने इसका विरोध किया तो अपराधियों ने गोप कुमार पर गोली चला दी। गोली उनके पैर में लगी, जिससे वह गंभीर रूप से घायल होकर सड़क पर गिर पड़े। गोली चलने की आवाज सुनकर आसपास के लोग मौके पर जुट गए, लेकिन तब तक अपराधी फरार हो चुके थे।
पैर में लगी गोली, युवक खतरे से बाहर
घटना की सूचना मिलते ही धनरूआ थाना पुलिस मौके पर पहुंची। घायल युवक को फौरन इलाज के लिए धनरूआ के प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया गया, जहां बेहतर इलाज के लिए उन्हें पटना के पीएमसीएच भेज दिया गया है। हालांकि, चिकित्सकों ने उनकी स्थिति खतरे से बाहर बताई है।
जांच में जुटी पुलिस
पुलिस पूरे मामले की जांच कर रह है। घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। अपराधियों की पहचान कर उनकी गिरफ्तारी के लिए छापेमारी की जा रही है।
