न्यूज 11 भारत / पटना डेस्क: राजगीर स्थित बिहार स्पोर्ट्स यूनिवर्सिटी ने शैक्षणिक और खेल गतिविधियों को विस्तार देने के लिए गेस्ट फैकल्टी और विभिन्न खेलों के कोच की नियुक्ति प्रक्रिया शुरू कर दी है। इसके लिए आवेदन की प्रक्रिया शुरू हो गई है।
17 गेस्ट फैकल्टी की बहाली
मिली जानकारी के अनुसार विश्वविद्यालय में थ्योरी और प्रैक्टिकल कक्षाएं सुचारू रूप से संचालित करने के लिए कुल 17 गेस्ट फैकल्टी की बहाली की जाएगी। विषयवार रिक्तियों की बात करें, तो सबसे अधिक 13 पद ‘हेल्थ एंड फिजिकल एजुकेशन’ विषय के लिए निर्धारित किए गए हैं। इसके अलावा, स्पोर्ट्स मैनेजमेंट के लिए दो और अंग्रेजी और इन्फॉर्मेशन टेक्नोलॉजी (आईटी) के लिए एक-एक पद खाली है। विश्वविद्यालय प्रशासन के अनुसार, इन सभी पदों पर राज्य सरकार के निर्धारित नियमों के अनुरूप आरक्षण का लाभ भी लागू होगा।
विभिन्न खेलों के लिए रखे जाएंगे गेस्ट कोच
खिलाड़ियों को राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर की ट्रेनिंग देने के लिए कई खेलों में गेस्ट कोच की भी सेवा ली जाएगी। बास्केटबॉल और वॉलीबॉल में तीन-तीन कोच की नियुक्ति होगी। कबड्डी के लिए दो पद तय हैं। वेटलिफ्टिंग, फुटबॉल और योग के लिए एक-एक कोच रखे जाएंगे। एथलेटिक्स और क्रिकेट में एक-एक नई रिक्ति के साथ ही पुरानी जबकि बैकलॉग वैकेंसी के तहत भी दो-दो पद भरे जाएंगे।
ऑफलाइन करना होगा आवेदन
बहाली की यह प्रक्रिया पूरी तरह से ऑफलाइन है। आवेदन करने के लिए उम्मीदवारों को सबसे पहले विश्वविद्यालय की आधिकारिक वेबसाइट पर जाकर आवेदन पत्र डाउनलोड करना होगा। फॉर्म को पूरी तरह भरकर और सभी आवश्यक शैक्षणिक व अनुभव प्रमाण पत्रों को संलग्न कर उसे केवल स्पीड पोस्ट के माध्यम से भेजना होगा।
यहां भेजना होगा फॉर्म
उम्मीदवारों को अपना आवेदन पत्र कुलसचिव, बिहार खेल विश्वविद्यालय, राजगीर स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स, राजगीर, नालंदा, बिहार-803116 के पते पर भेजना होगा। आवेदन की स्क्रूटनी के बाद शॉर्टलिस्ट किए गए उम्मीदवारों को इंटरव्यू की तारीख और समय की जानकारी उनके ई-मेल आईडी पर दे दी जाएगी।
