Voice of Eastern India

बिहार में इस सीजन पहली बार 46 डिग्री पहुंचा पारा, 26 जिलों में आंधी-बारिश का अलर्ट जारी


न्यूज 11 भारत / पटना डेस्क:  बिहार में मौसम के दो रूप देखने को मिल रहे हैं। इस कड़ी में दक्षिण बिहार के कई इलाके में गर्मी का सिलसिला जारी है। राज्य में इस सीजन पहली बार अधिकतम तापमान 46 डिग्री रिकॉर्ड किया गया है। वहीं दूसरी ओर उत्तर और पूर्वी बिहार में तेज हवा और बारिश की पूरी संभावना है। खगड़िया में सुबह से तेज बारिश हो रही है। जबकि बेगूसराय में काले बादल छाए हैं और तेज हवा चल रही है। 

26 जिलों में आंधी-बारिश का अलर्ट

मौसम विभाग की तरफ से आज राज्य के 26 जिलों में आंधी और तेज बारिश का अलर्ट जारी किया गया है। इसमें 15 जिलों सीतामढ़ी, शिवहर, मुजफ्फरपुर, वैशाली, समस्तीपुर, दरभंगा, मधुबनी, सुपौल, अररिया, किशनगंज, पूर्णिया, कटिहार, सहरसा, मधेपुरा और खगड़िया के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है।

11 जिलों में येलो अलर्ट

जबकि 11 जिलों में पश्चिम चंपारण, पूर्वी चंपारण, गोपालगंज, सीवान, सारण, बेगूसराय, मुंगेर, भागलपुर, बांका, जमुई और पटना के लिए यलो अलर्ट जारी किया गया है। इन जिलों में 60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवा चल सकती है। इन जिलों में तूफान-आंधी के साथ बिजली गिरने की भी संभावना है।आपको बता दें कि सोमवार को मोतिहारी, शिवहर, सुपौल, मधेपुरा और किशनगंज में तेज हवा और आंधी के साथ बारिश हुई। शिवहर में बारिश के दौरान ओले भी गिरे। बीते 24 घंटे में रोहतास का तापमान 46 डिग्री रिकॉर्ड किया गया।

क्यों अचानक बदल रहा बिहार का मौसम

माना जा रहा है कि इस बार मौसम में बदलाव की सबसे बड़ी वजह “हीट लो प्रेशर बेल्ट” और बंगाल की खाड़ी से आ रही नमी वाली हवाओं का टकराव है। बिहार की जमीन लगातार कई दिनों से तेज धूप के कारण अत्यधिक गर्म हो चुकी है। इससे वातावरण में नीचे की हवा तेजी से ऊपर उठ रही है और कम दबाव का क्षेत्र बन रहा है। दूसरी तरफ बंगाल की खाड़ी से नमी से भरी हवाएं बिहार की ओर बढ़ रही हैं। जब गर्म और ठंडी नमी वाली हवाएं आपस में टकराती हैं, तब अचानक बादल बनते हैं और तेज आंधी, बारिश व वज्रपात जैसी स्थिति पैदा होती है। मौसम वैज्ञानिक इसे “प्री-मानसून एक्टिविटी” का असर बता रहे हैं।

पटना में आज कैसा रहेगा मौसम

पटना में आज मौसम में हल्का बदलाव देखने को मिल सकता है। दिनभर उमस और गर्मी बनी रहेगी लेकिन शाम या रात के समय बादल छाने और हल्की बारिश हो सकती है। आज पटना में तेज हवा चलने की भी संभावना है, जिससे लोगों को गर्मी से थोड़ी राहत मिल सकती है। हालांकि दिन का तापमान अभी भी सामान्य से ऊपर रहने का अनुमान है।

 



Source link

Leave A Reply

Your email address will not be published.