Voice of Eastern India

बिहार में सांवले रंग की भेंट चढ़ी युवती, शादी के लिए 10 बार रिजेक्ट फिर…


न्यूज 11 भारत / बिहार डेस्क
चंद्र प्रकाश / मुजफ्फरपुर :
बिहार के मुजफ्फरपुर जिले के गायघाट थाना क्षेत्र से एक बेहद दर्दनाक मामला सामने आया है। यहां शादी के लिए बार-बार रिश्ता ठुकराए जाने से मानसिक तनाव में चल रही एक युवती ने कथित तौर पर फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। शादी न होने से डिप्रेशन में आई युवती ने फंदे से लटक कर आत्महत्या कर ली। युवती अपने सांवले रंग की वजह से लगातार परेशान रहती थी और उसे लगता था कि इसी कारण उसकी शादी तय नहीं हो पा रही थी।

तीन वर्षों से हो रही थी लड़के की तलाश

मृतका की पहचान गायघाट थाना क्षेत्र के मकरंदपुर गांव निवासी पीतांबर कुमार की पुत्री अंशु कुमारी (22) के रूप में हुई है। परिजनों के अनुसार, पिछले तीन वर्षों से उसकी शादी के लिए लड़का तलाशा जा रहा था। इस दौरान 10 से अधिक परिवार उसे देखने आए, लेकिन हर बार रिश्ता टूट गया।

तनाव में थी मृतका 

परिजनों ने बताया कि बुधवार को भी एक लड़का पक्ष अंशु को देखने आने वाला था। इसे लेकर अंशु काफी तनाव में थी उसे डर था कि इस बार भी रंग के कारण उसे ठुकरा दिया जाएगा इससे पहले मंगलवार रात वह बिना खाना खाए अपने कमरे में सोने चली गई। बुधवार सुबह काफी देर तक दरवाजा नहीं खुलने पर परिवार वालों ने खिड़की से झांका तो पंखे से दुपट्टे के सहारे उसका शव लटका मिला। अंदर का नजारा देख परिजनों के पैरों तले जमीन खिसक गई। घटना के बाद घर में कोहराम मच गया। चिख पुकार सुनकर आसपास के ग्रामीणों के भीड़ जुट गए।

मामले की जांच जारी 

सूचना मिलने पर गायघाट थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। एसडीपीओ अलय वत्स ने बताया कि फंदे से लटककर युवती की आत्महत्या की सूचना मिली थी। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच की और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। मामले में आगे की कार्रवाई की जा रही है।



Source link

Leave A Reply

Your email address will not be published.