Voice of Eastern India

शराब सिंडिकेट का भंडाफोड़, बिहार में 7990 लीटर अंग्रेजी शराब जब्त


न्यूज 11 भारत / बिहार डेस्क 
विकाश कुमार / रोहतास:
बिहार में शराबबंदी को धता बताकर चल रहे एक बड़े सिंडिकेट पर रोहतास पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। प्रभारी एसडीपीओ डिहरी 1 ने अकोढ़ीगोला थाना परिसर में प्रेस कॉन्फ्रेस कर बताया कि अकोढ़ीगोला थाना क्षेत्र के ग्राम कोल्हाई बरुना में निर्माणाधीन मकान से भारी मात्रा में विदेशी शराब बरामद की गई है। कुल 7990.21 लीटर शराब जब्त की गई है।

गुप्त सूचना पर कार्रवाई 

मद्यनिषेध प्रवर्तन विभाग, बिहार, पटना से मिली गुप्त सूचना के आधार पर 10 जुलाई 2026 की रात करीब 11:10 बजे कार्रवाई की गई। सूचना थी कि राजपुर थाना क्षेत्र के बिसैनी कला वार्ड नं-03 निवासी विजय कुमार पे० स्व० रामसकल साह और उनके 3 अन्य सहयोगी एक सिंडिकेट बनाकर ट्रक से भारी मात्रा में शराब मंगाकर अकोढ़ीगोला थाना अंतर्गत ग्राम कोल्हाई बरुना स्थित विजय कुमार के निर्माणाधीन घर में छुपाकर रखते हैं।

निर्माणाधीन मकान से शराब जब्त 

सूचना मिलते ही अकोढ़ीगोला थानाध्यक्ष के नेतृत्व में टीम गठित कर छापेमारी की गई। छापेमारी के दौरान निर्माणाधीन मकान से बड़ी मात्रा में शराब बरामद हुई। जब्ती के समय मजिस्ट्रेट के रूप में प्रखंड कृषि पदाधिकारी बलदाऊ पटेल, अकोढ़ीगोला उपस्थित थे। पुलिस ने मौके से अलग-अलग ब्रांड की कुल 7990.21 लीटर इंगलिश शराब जब्त की है।

संदिग्ध ट्रैक्टर और ट्रॉली भी जब्त 

इसके अलावा मौके से संदिग्ध अवस्था में खड़ा एक लाल रंग का महिंद्रा ट्रैक्टर और ट्रॉली भी जब्त की गई। इस मामले में अकोढ़ीगोला थाना में कांड सं०-255/26, दिनांक-11.07.26, धारा-30(a) प्राथमिकी दर्ज करते हुए पुलिस ने प्रिंस कुमार पे० नथुनी सेठ, सा० बांक वार्ड नं-07, थाना-अकोढ़ीगोला, जिला-रोहतास को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार सभी संलिप्त और संदिग्ध अभियुक्तों के खिलाफ रोहतास सहित अन्य जिलों में पहले से कई आपराधिक मामले दर्ज हैं।

छापेमारी अभियान जारी

बरामद अंग्रेजी शराब और करीब 4-5 दिन पहले बराढीगोला नहर पर लावारिस हालत में मिले ट्रक रजि० नं० CG 04LT5516 के संबंध में भी पुलिस आगे की जांच कर रही है। आशंका है कि इसी ट्रक से शराब की खेप लाई गई थी। मौके पर थाना अध्यक्ष राकेश गोसाईं के साथ अन्य पुलिस की टीम में मौजूद रही। पुलिस ने बताया कि सिंडिकेट के अन्य 18 सदस्यों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी एवं कार्रवाई की जा रही है।



Source link

Leave A Reply

Your email address will not be published.