Voice of Eastern India

विदेश सफर से भी महंगा हुआ छठ पर घर लौटना, 400% तक बढ़ा फ्लाइट किराया



फ्लाइट से छठ पर्व पर घर लौटने के लिए विदेश घूमने से भी ज्यादा किराया देना पड़ रहा है।

न्यूज11 भारत/पटना डेस्क: फ्लाइट से छठ पर्व पर घर लौटने के लिए विदेश घूमने से भी ज्यादा किराया देना पड़ रहा है। दिल्ली से पटना आने वाली फ्लाइट के एक टिकट की कीमत 21 हजार रुपए तक पहुंच गई है।

वहीं, दिल्ली से नेपाल की राजधानी काठमांडू का टिकट 8 हजार, बांग्लादेश की राजधानी ढाका का 9,463 और थाईलैंड के बैंकॉक का 17,279 रुपए में मिल रहा है।

सामान्य दिनों के मुकाबले पटना की फ्लाइट के किराए में औसतन करीब 183 प्रतिशत तक उछाल दिख रहा है। किराए में 400 प्रतिशत तक वृद्धि हुई है।

इस कड़ी में दिल्ली और कोलकाता से गया आने का किराया 14 हजार रुपये है। दिल्ली और कोलकाता से गया एयरपोर्ट की फ्लाइट ले सकते हैं। इस एयरपोर्ट पर घरेलू उड़ानों की संख्या पटना की तुलना में कम है।

12 नवंबर को दिल्ली से गया का शुरुआती किराया करीब 11,365 रुपए और कोलकाता से 14,505 रुपए है। 13 नवंबर को दिल्ली का किराया और बढ़ जाता है, जबकि कोलकाता से आने का किराया घटता है।

मिथिलांचल में छठ मनाने के लिए आने वाले यात्रियों के लिए दरभंगा एयरपोर्ट महत्वपूर्ण विकल्प है।

दिल्ली, मुंबई और बेंगलुरु से यहां आने वाली फ्लाइट्स का किराया अलग-अलग है। 12 नवंबर को दिल्ली से दरभंगा का शुरुआती किराया 18,862 रुपए है।

वहीं, मुंबई और बेंगलुरु से आने पर भी यात्रियों को 16 से 18 हजार रुपए तक खर्च करने पड़ सकते हैं।

दरभंगा के लिए चेन्नई, अहमदाबाद और कोलकाता से डायरेक्ट फ्लाइट नहीं है। इन शहरों से आने के लिए कनेक्टिंग फ्लाइट के विकल्प हैं। मुंबई के किराए में अलग-अलग प्लेटफॉर्म पर अंतर भी मिला है।

सीमांचल के यात्रियों के लिए पूर्णिया एयरपोर्ट एक नया विकल्प बनकर उभरा है। यहां से दिल्ली, कोलकाता और अहमदाबाद सहित प्रमुख शहरों की कनेक्टिविटी है।

12 नवंबर को दिल्ली से पूर्णिया आने का सीधा टिकट करीब 10 हजार रुपए में उपलब्ध दिखा। वहीं, कोलकाता से आने का किराया करीब 4 हजार रुपए है। 13 नवंबर को इन रूटों पर किराए में बदलाव दिख रहा है। पूर्णिया के लिए चेन्नई, मुंबई और बेंगलुरु से डायरेक्ट फ्लाइट नहीं है।





Source link

Leave A Reply

Your email address will not be published.