Voice of Eastern India

बिहार में नदी में डूबे किशोर का शव बरामद, नहाने के दौरान हुआ था हादसा


न्यूज 11 भारत / बिहार डेस्क 
राहुल कुमार / शेरघाटी :
शेरघाटी थाना क्षेत्र के उचिरमा पुल के समीप मोरहर नदी में शनिवार की शाम नहाने के दौरान डूबे 13 वर्षीय किशोर का शव रविवार को काफी मशक्कत के बाद बरामद कर लिया गया। शव मिलने के साथ ही परिजनों में कोहराम मच गया। पुलिस ने आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी कर शव को पोस्टमार्टम के लिए अनुग्रह नारायण मगध मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल (एएनएमएमसीएच), गया भेज दिया। घटना के बाद पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई है।

चार दोस्तों संग नहाने गया था प्रिंस 

जानकारी के अनुसार, गुरुआ थाना क्षेत्र के सगाही कॉलोनी निवासी हरदेयाल पासवान का पुत्र प्रिंस कुमार (13) अपने स्कूल से छुट्टी के बाद चारों दोस्तों के साथ शनिवार की शाम उचिरमा पुल के समीप मोरहर नदी में नहाने गया था। चारों बच्चे नदी में स्नान कर रहे थे। इसी दौरान प्रिंस गहरे पानी में चला गया और देखते ही देखते नदी की तेज धारा में समा गया। साथ मौजूद बच्चों ने शोर मचाया, जिसके बाद आसपास के लोग नदी किनारे पहुंचे और उसे बचाने का प्रयास किया, लेकिन तब तक वह पानी में लापता हो चुका था।

काफी मशक्कत के बाद शव बरामद

घटना की सूचना मिलते ही शेरघाटी थाना पुलिस मौके पर पहुंची। स्थानीय गोताखोरों और ग्रामीणों की मदद से देर शाम तक नदी में तलाश की गई, लेकिन सफलता नहीं मिली। इसके बाद रविवार को अहले सुबह 6 बजे दोबारा शुरू किए गए तलाशी अभियान में काफी मशक्कत के बाद किशोर का शव नदी से बरामद कर लिया गया।

बेटे का नाम पुकारती रही मां 

शव बाहर निकलते ही मां सरिता देवी का विलाप सुनकर वहां मौजूद हर व्यक्ति की आंखें नम हो गईं। बदहवास हालत में वह बार-बार अपने बेटे का नाम पुकारती रहीं। रोते-बिलखते उन्होंने कहा, “मेरा बाबू चार दोस्तों के साथ घर से निकला था। काफी देर तक वापस नहीं आया तो हम खोजने निकले। गांव में पता चला कि बच्चे नदी गए हैं। जब नदी किनारे पहुंचे तो लोगों की भीड़ लगी थी। किसी ने बताया कि मेरा बेटा नदी में डूब गया है। हम हाथ जोड़कर सब से उसे बचाने की गुहार लगाते रहे, लेकिन भगवान ने मेरा लाल ही छीन लिया।” मां की चीख-पुकार और पिता हरदेयाल पासवान की खामोशी ने वहां मौजूद लोगों को भी भावुक कर दिया। परिजन बार-बार बेसुध हो रहे थे, जिन्हें ग्रामीण और रिश्तेदार संभालने का प्रयास करते रहे।

गांव में पसरा मातम, हर आंख हुई नम

प्रिंस की मौत की खबर जैसे ही सगाही गांव पहुंची, पूरे गांव में मातम छा गया। बड़ी संख्या में ग्रामीण पीड़ित परिवार के घर पहुंचे और शोक संवेदना व्यक्त की। गांव के लोगों ने बताया कि प्रिंस स्वभाव से बेहद मिलनसार और होनहार बच्चा था। उसकी असमय मौत से हर कोई स्तब्ध है। बच्चों में भी इस घटना को लेकर डर और उदासी का माहौल है।

बरसात के मौसम में नदी बनी जानलेवा

स्थानीय लोगों का कहना है कि बरसात के कारण मोरहर नदी का जलस्तर लगातार बढ़ा हुआ है और कई स्थानों पर गहरे गड्ढे बन गए हैं। इसके बावजूद बच्चे अक्सर नदी में नहाने पहुंच जाते हैं। ग्रामीणों ने प्रशासन से मांग की है कि नदी के खतरनाक घाटों पर चेतावनी बोर्ड लगाए जाएं और लोगों को जागरूक किया जाए, ताकि भविष्य में इस तरह की दर्दनाक घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो।

पोस्टमार्टम के लिए गया भेजा गया शव

शेरघाटी थाना पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पंचनामा की कार्रवाई पूरी की और पोस्टमार्टम के लिए एएनएमएमसीएच, गया भेज दिया। पुलिस ने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद आगे की विधिसम्मत कार्रवाई की जाएगी। वहीं, प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि बरसात के मौसम में नदी, तालाब और अन्य जलाशयों में नहाने या गहरे पानी में जाने से बचें।

 



Source link

Leave A Reply

Your email address will not be published.