Voice of Eastern India

पीएम के मन की बात में छाया सीतामढ़ी का वेस्ट टू वेल्थ मॉडल, जानें इसकी डिटेल 


न्यूज 11 भारत / पटना डेस्क : प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने मन की बात कार्यक्रम में बिहार के सीतामढ़ी जिले की प्लास्टिक कचरा प्रबंधन पहल का विशेष उल्लेख किया। उन्होंने सिंगल यूज प्लास्टिक से इको-फ्रेंडली फर्नीचर बनाने के वेस्ट टू वेल्थ प्रयास की जमकर सराहना की।

बिहार के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी आज पटना के भगवान उत्सव हॉल, जक्कनपुर में आयोजित पीएम मोदी के कार्यक्रम मन की बात के 136वें संस्करण के लाइव प्रसारण में शामिल हुए। 

रविवार को प्रसारित प्रधानमंत्री की इस चर्चा के बाद सीतामढ़ी का यह अभिनव स्वच्छता मॉडल अब पूरे देश में चर्चा का केंद्र बन गया है। सीतामढ़ी का बाजपट्टी प्रखंड प्लास्टिक कचरे से मजबूत और आकर्षक बेंच बनाकर पूरे बिहार को पर्यावरण संरक्षण की नई राह दिखा रहा है।

बाजपट्टी स्थित वेस्ट मैनेजमेंट यूनिट में लगभग 40 किलोग्राम सिंगल यूज प्लास्टिक कचरे को री-साइकिल करके एक मजबूत सिटिंग बेंच बनाई जा रही है। जिला प्रशासन ने इस योजना के तहत बक्सर की राय इंडस्ट्रीज कंपनी के साथ व्यावसायिक समझौता किया है।

यूनिट में संग्रहित चार हजार किलोग्राम प्लास्टिक कचरे का पुनर्चक्रण करके प्रथम चरण में 85 आकर्षक सिटिंग बेंचों का निर्माण सफलता पूर्वक किया गया है। इन सभी बेंचों को जिले की विभिन्न ग्रामीण पंचायतों और सरकारी विद्यालयों में उपयोग हेतु भेजा गया है।

कचरे से संसाधन बनाने की इस पर्यावरण अनुकूल तकनीक से प्रत्येक बेंच की खरीद लागत में करीब दो हजार रुपये की सीधी बचत हो रही है। लोहिया स्वच्छ अभियान के तहत बाजपट्टी के अलावा रुन्नीसैदपुर डुमरा और रीगा में भी प्रोसेसिंग यूनिट शुरू की गई हैं।

बाजपट्टी में उत्पादन जारी है और अगले माह से रुन्नीसैदपुर यूनिट में भी प्लास्टिक वेस्ट से बेंच और फर्नीचर बनाने का काम शुरू होगा। 
 



Source link

Leave A Reply

Your email address will not be published.