Voice of Eastern India

स्ट्रिंग झूले से गिरकर युवक की मौत, बंद किए गए बड़े झूले


न्यूज 11 भारत / पटना डेस्क: बिहार के राजगीर मलमास मेला में सोमवार देर रात एक दर्दनाक हादसे ने मेले की रौनक को मातम में बदल दिया। तेज रफ्तार स्ट्रिंग झूले से गिरकर नवादा जिले के एक युवक की मौत हो गई। हादसे के बाद मेले में अफरातफरी मच गई, जबकि प्रशासन ने सुरक्षा व्यवस्था को लेकर तत्काल सख्ती शुरू कर दी है। मृतक की पहचान नवादा जिले के नारदीगंज थाना क्षेत्र स्थित बिक्कू गांव निवासी अमन कुमार (25) के रूप में हुई है।

परिवार के साथ मेला घूमने आया था युवक 

जानकारी मिली है कि अमन अपने परिवार के साथ राजगीर मलमास मेला घूमने आया था। इसी दौरान वह अपने चचेरे भाई प्रिंस के साथ मेले में लगे स्ट्रिंग झूले पर सवार हुआ। प्रिंस के अनुसार झूला तेज गति से घूम रहा था। इसी बीच अमन का संतुलन अचानक बिगड़ गया और वह सिर के बल नीचे गिर पड़ा। घटना देखते ही वहां मौजूद लोगों में चीख-पुकार मच गई।

इलाज के दौरान मौत

स्थानीय लोगों और पुलिसकर्मियों की मदद से गंभीर रूप से घायल अमन को तुरंत राजगीर अनुमंडलीय अस्पताल पहुंचाया गया। प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने उसकी गंभीर स्थिति को देखते हुए बेहतर इलाज के लिए रेफर कर दिया। इसके बाद युवक को पावापुरी मेडिकल कॉलेज अस्पताल ले जाया गया। वहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। युवक की मौत की खबर मिलते ही स्वजन में कोहराम मच गया। घटना के बाद स्‍वजन ने मेले की सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल उठाए हैं। उनका आरोप है कि झूले में लगी सुरक्षा बेल्ट सही तरीके से नहीं बांधी गई थी या फिर वह ढीली थी, जिसकी वजह से यह हादसा हुआ। इधर, हादसे के बाद मेला प्रशासन भी पूरी तरह सतर्क हो गया है। एहतियात के तौर पर मेले में संचालित सभी बड़े झूलों को तत्काल बंद करा दिया गया है। प्रशासनिक अधिकारी झूलों की तकनीकी जांच में जुट गए हैं। 

रील बनाने में हुआ हादसा 

शुरुआती जांच में यह बात सामने आई है कि युवक झूला झूलने के दौरान सेल्फी और रील बनाने की कोशिश कर रहा था। इसी दौरान उसका संतुलन बिगड़ा और वह नीचे गिर गया। झूला संचालक के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है और पूरे मामले की जांच की जा रही है।
 



Source link

Leave A Reply

Your email address will not be published.