न्यूज 11 भारत / बिहार डेस्क
देव तिवारी / कैमूर: उत्पाद विभाग और मद्यनिषेध टीम को मोहनिया चेकपोस्ट पर एक बड़ी सफलता हासिल हुई है। गुप्त सूचना के आधार पर की गई सघन जांच के दौरान, विभाग ने हरियाणा की तरफ से आ रहे एक संदिग्ध ट्रक को रोककर तलाशी ली। जांच के दौरान ट्रक से भारी मात्रा में अवैध विदेशी शराब बरामद की गई।
उत्पाद विभाग के मोहनिया चेकपोस्ट प्रभारी संतोष कुमार ने जानकारी देते हुए बताया कि चेकिंग के दौरान ट्रक से कुल 650 पेटी (लगभग 5,670 लीटर) विदेशी शराब जब्त की गई है। जब्त की गई शराब की अनुमानित बाजारी कीमत 80 से 85 लाख रुपये के बीच बताई जा रही है।
कार्रवाई के दौरान पुलिस ने मौके से ट्रक चालक को गिरफ्तार कर लिया है। गिरफ्तार आरोपी की पहचान राजेंद्र सिंह के रूप में हुई है, जो जयपुर, राजस्थान का निवासी है। पूछताछ में चालक ने खुलासा किया कि उसे यह ट्रक और शराब कानपुर में हैंडओवर की गई थी। हालांकि, यह शराब कहां ले जाई जा रही थी, इसकी जांच और पूछताछ विभाग द्वारा की जा रही है।
प्रभारी संतोष कुमार ने बताया कि ट्रक के नंबर और दस्तावेजों की सत्यता जांचने के लिए डीटीओ (DTO) कार्यालय से संपर्क किया जा रहा है। कागजी कार्रवाई पूरी करने के बाद आरोपी को माननीय न्यायालय में प्रस्तुत किया जाएगा। उन्होंने स्पष्ट किया कि मद्यनिषेध कानून को प्रभावी ढंग से लागू करने के लिए आगे भी ऐसी सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।
